1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. बम की झूठी खबर देने वाली महिला को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, अधिकारियों-संस्थानों को भेज चुकी है 200 से ज्यादा फर्जी ईमेल

बम की झूठी खबर देने वाली महिला को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, अधिकारियों-संस्थानों को भेज चुकी है 200 से ज्यादा फर्जी ईमेल

Delhi Police ने एक ऐसी महिला को गिरफ्तार किया है जो सरकारी अफसरों और उनके दफ्तरों में बम की झूठी अफवाह के ईमेल भेजती थी। महिला अब तक 200 से ज्यादा फर्जी ईमेल अलग-अलग विभागों में भेज चुकी है।

fake bomb threat emails- India TV Hindi
Image Source : PTI (प्रतीकात्मक फोटो) 200 से ज्यादा फर्जी धमकी भरे ईमेल भेजने वाली महिला दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़ी।

दिल्ली पुलिस की चाणक्यपुरी थाना पुलिस ने देशभर के सरकारी दफ्तरों, वरिष्ठ अधिकारियों और अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों को फर्जी धमकी भरे ईमेल भेजने वाली एक महिला को तलाश कर पकड़ लिया है। महिला पिछले कई महीनों से बम होने की झूठी सूचना, ईवीएम से जुड़े आरोप, भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतें और अन्य धमकी भरे संदेश भेज रही थी।

महिला ने अलग-अलग विभागों को भेजे 200 से ज्यादा ईमेल

पुलिस के मुताबिक, फरवरी 2026 से लगातार इस तरह के ईमेल भेजे जा रहे थे। जांच में पता चला है कि महिला ने अब तक 200 से ज्यादा ईमेल देश के अलग-अलग सरकारी विभागों, अधिकारियों और संस्थानों को भेजे थे। इन ईमेल की वजह से कई एजेंसियों में चिंता और अफरा-तफरी का माहौल बन जाता था।

सर्विलांस के जरिए आरोपी तक पहुंची पुलिस

मामले की जांच चाणक्यपुरी थाना पुलिस की निगरानी में शुरू की गई। तकनीकी जांच के दौरान, उस ईमेल आईडी से जुड़े मोबाइल नंबर की पहचान की गई और उसकी लगातार निगरानी की गई। हालांकि, मोबाइल लंबे समय तक बंद रहता था, लेकिन पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस के जरिए उसके बारे में अहम सुराग जुटा लिए।

गुरुद्वारा बंगला साहिब के पास मिली महिला की लोकेशन

18 जून को एक और धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद पुलिस ने जांच और तेज कर दी। 21 जून को तकनीकी निगरानी के दौरान महिला की लोकेशन गुरुद्वारा बंगला साहिब के आसपास मिली। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शाम के समय महिला को गुरुद्वारा बंगला साहिब के बाहर से पकड़ लिया।

अहमदाबाद की रहने वाली आरोपी महिला

पकड़ी गई महिला की पहचान 41 साल की Seema Lohumi के रूप में हुई है। सीमा, गुजरात के अहमदाबाद जिले के किशापुर इलाके की रहने वाली है। पुलिस ने महिला को थाने लाकर पूछताछ की, जिसमें सामने आया कि वह काफी समय से अलग-अलग लोगों और संस्थानों को ऐसे ईमेल भेज रही थी।

जांच में सामने आई महिला का इलाज चलने की बात

जांच के दौरान, यह भी पता चला कि महिला का इलाज चल रहा है, जिसकी पुष्टि उसके परिजनों ने भी की है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि महिला इन ईमेल के जरिए क्या मकसद हासिल करना चाहती थी।

ये भी पढ़ें- दिल्ली में सेना भवन के पास मजदूरों के कैंप में लगी भीषण आग, 200 आवास जलकर हुए खाक