A
  1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. ISI के शहजाद भट्टी मॉड्यूल का हुआ भंडाफोड़, निशाने पर थे ऐतिहासिक मंदिर और मशहूर ढाबा

ISI के शहजाद भट्टी मॉड्यूल का हुआ भंडाफोड़, निशाने पर थे ऐतिहासिक मंदिर और मशहूर ढाबा

दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने ISI से जुड़े शहजाद भट्टी मॉड्यूल के 9 आरोपियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। मॉड्यूल ने ऐतिहासिक मंदिर, दिल्ली-सोनीपत हाईवे पर स्थित एक ढाबे और हिसार सैन्य कैंप को निशाना बनाने की प्लानिंग की थी।

Shahzad Bhatti module, ISI terror plot, Delhi Police arrests, Delhi historic temple threat- India TV Hindi
Image Source : PIXABAY REPRESENTATIONAL आरोपियों ने पूछताछ में कई बड़े खुलासे किए हैं।

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े शहजाद भट्टी मॉड्यूल के 9 गुर्गों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने कई बड़े खुलासे किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि दिल्ली का एक ऐतिहासिक मंदिर ISI के निशाने पर था। मॉड्यूल के एक आरोपी ने मंदिर की रैकी की थी और वहां मौजूद पुलिसकर्मी व अर्धसैनिक बलों पर गोली चलाने की योजना बनाई गई थी। इसके अलावा मंदिर की तस्वीरें पाकिस्तान में मौजूद सोशल मीडिया हैंडलर्स को भेजी गई थीं।

दिल्ली-सोनीपत हाईवे का ढाबा भी था निशाने पर

आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि दिल्ली-सोनीपत हाईवे पर स्थित एक प्रसिद्ध ढाबा, जहां रोजाना हजारों लोग आते-जाते हैं, उस पर हैंड ग्रेनेड से हमला करने की योजना भी बनाई गई थी। हिसार के एक सैन्य कैंप को भी ISI का लक्ष्य बनाया गया था और वहां की रेकी के वीडियो पाकिस्तानी हैंडलर्स को भेजे गए थे। यूपी के कुछ पुलिस स्टेशनों में तैनात पुलिसकर्मियों को निशाना बनाने की भी योजना मॉड्यूल में शामिल थी।

ऑपरेशन में 12 से ज्यादा गिरोहों पर छापे

गुरुवार को दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में चलाए गए 'Gang Bust 2.0' ऑपरेशन के तहत कुल 12 से ज्यादा आपराधिक गिरोहों के 1014 ठिकानों पर छापेमारी की गई। इस 48 घंटे चलने वाले अभियान में 481 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इस ऑपरेशन में कई चीजें बरामद की गईं, जैसे:
अभियान की प्रमुख उपलब्धियां

  1. 130 पिस्टल, 214 कारतूस और 79 चाकू
  2. लगभग 19 किलो अवैध ड्रग्स
  3. 1234 क्वार्टर अवैध शराब
  4. 24 वाहन और लगभग ₹19 लाख कैश

स्पेशल सेल कर रही है आगे की जांच

दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल आगे की जांच कर रही है ताकि शहजाद भट्टी मॉड्यूल और पाकिस्तान ISI के संभावित अन्य सहयोगियों की पूरी जानकारी हासिल की जा सके। साथ ही, यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि देश में किसी भी तरह की बड़ी सुरक्षा घटना को समय रहते रोका जा सके। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस और स्पेशल सेल की टीमों के संगठित प्रयास का नतीजा है और इससे देश में चल रहे आपराधिक नेटवर्क और आतंक से जुड़े खतरों पर काबू पाने में मदद मिलेगी।