1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में पत्नी की हत्या करने वाले पुलिसकर्मी ने खुद को गोलियों से उड़ाया, मर्डर के बाद चल रहा था फरार

दिल्ली में पत्नी की हत्या करने वाले पुलिसकर्मी ने खुद को गोलियों से उड़ाया, मर्डर के बाद चल रहा था फरार

कल्याणपुरी इलाके में पत्नी की गोली मारकर हत्या करने वाले दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल मनीष भाटी ने भी खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। वह पत्नी की हत्या करके फरार था।

कॉन्स्टेबल मनीष भाटी और उनकी पत्नी की फाइल फोटो- India TV Hindi
Image Source : REPORTER कॉन्स्टेबल मनीष भाटी और उनकी पत्नी की फाइल फोटो

नई दिल्लीः पत्नी की हत्या के आरोपी दिल्ली पुलिस के कॉन्स्टेबल मनीष भाटी ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। आरोपी ने पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में अपनी पत्नी की हत्या की थी और घटना के बाद से ही वह फरार था। आज शाम, पुलिस को पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार के पास एक पार्क में आरोपी कॉन्स्टेबल मनीष भाटी का शव मिला। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है। मनीष भाटी पूर्वी दिल्ली में एंटी-ऑटो थेफ्ट स्क्वाड (AATS) में तैनात थे।

रोड पर गोली मारकर फरार हो गया था मनीष

जानकारी के अनुसार, सोमवार को दिल्ली पुलिस के एक जवान मनीष भाटी ने कथित तौर पर स्कूटर की सवारी के दौरान हुई बहस के बाद अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मनीष भाटी ने कथित तौर पर बीच सड़क पर  पत्नी को मार डाला और मौके से भाग गया था।

बताया जा रहा है कि कल्याणपुरी इलाके में दोनों स्कूटर पर जा रहे थे। तभी दोनों के बीच कहासुनी हो गई। मनीष भाटी ने स्कूटर रोका और बहस करते हुए दोनों नीचे उतर गए। चश्मदीदों के मुताबिक, मनीष भाटी ने अपनी पत्नी पर गोली चलाई, उसे सड़क पर ही छोड़ दिया और भाग गया। महिला को पूर्वी दिल्ली के लाल बहादुर शास्त्री (LBS) अस्पताल ले गया। हालांकि, इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। महिला की पहचान 26 वर्षीय प्रियंका के तौर पर हुई, जोकि टीचर थी। हत्या वाले दिन प्रियंका का जन्मदिन था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।  

एसआई ने किया सुसाइड

वहीं, एक अन्य घटना में सोमवार को मधु विहार पुलिस स्टेशन में तैनात 32 साल के सब-इंस्पेक्टर ने अपनी सर्विस पिस्तौल से खुदकुशी कर ली। दोपहर करीब 12:20 बजे गोली चलने की आवाज़ सुनाई दी, जिसके बाद पता चला कि सोमेश ने यह आत्मघाती कदम उठाया है। उन्होंने स्टेशन हाउस ऑफिसर से मिलकर बताया था कि वह कोर्ट ड्यूटी के लिए जा रहे हैं, लेकिन वह कभी कोर्ट नहीं पहुंचे।

एक सीनियर अधिकारी ने बताया, "मरने से कुछ देर पहले उन्होंने अपने पिता को फ़ोन करके कहा था कि अब वह और बर्दाश्त नहीं कर सकते और फिर उन्होंने खुद को अंदर बंद कर लिया। वह डिप्रेशन से जूझ रहे थे। पुलिस को किसी गड़बड़ी का शक नहीं है। एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल पर कोई दवा या सुसाइड नोट नहीं मिला। मृतक 2019 में दिल्ली पुलिस में शामिल हुए थे। वह पिछले तीन साल से ईस्ट डिस्ट्रिक्ट में काम कर रहे थे।

ये भी पढ़ेंः पांडव नगर में विदेशी मुद्रा लूटने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दिल्ली पुलिस ने दो बदमाशों को किया गिरफ्तार