1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. बंदूक दिखाकर VIDEO बनाई तो खैर नहीं, दिल्ली पुलिस ने शुरू किया 'ऑपरेशन शस्त्र'; ताबड़तोड़ हो रही कार्रवाई

बंदूक दिखाकर VIDEO बनाई तो खैर नहीं, दिल्ली पुलिस ने शुरू किया 'ऑपरेशन शस्त्र'; ताबड़तोड़ हो रही कार्रवाई

दिल्ली पुलिस ने राजधानी में गन कल्चर और बढ़ते अपराध पर लगाम लगाने के लिए ऑपरेशन शस्त्र शुरू किया है। इसके लिए 500 टीमों का गठन किया गया है। लगातार सोशल मीडिया अकाउंट्स स्कैन किए जा रहे हैं और बंदूक के साथ वीडियो बनाने वाले लोगों पर कार्रवाई की जा रही है।

दिल्ली पुलिस ने शुरू किया ऑपरेशन शस्त्र। - India TV Hindi
Image Source : PTI दिल्ली पुलिस ने शुरू किया ऑपरेशन शस्त्र।

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में लगातार गन कल्चर बढ़ता जा रहा है, जिस वजह से हत्या और गोलीबारी की घटनाएं भी देखने को मिलती हैं। हालांकि अब गोलीबारी और गन कल्चर की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए दिल्ली पुलिस ने ऑपरेशन शस्त्र शुरू किया है। राजधानी दिल्ली में गन कल्चर और बढ़ते क्राइम के खिलाफ दिल्ली पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी मुहिम इसे कहा जा रहा है। सोशल मीडिया पर गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले 6000 सोशल मीडिया अकाउंट के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई की है। 

500 टीमों का गठन

दरअसल, दिल्ली पुलिस ने गन कल्चर को खत्म करने के लिए 500 टीमों का गठन किया है। इसमें 2000 के करीब पुलिसकर्मियों की टीम को शामिल किया गया है। ये सभी 500 टीमें ऑपरेशन शस्त्र के तहत कार्रवाई में जुटी हुई हैं। ऑपरेशन शस्त्र के तहत अब तक हुई कार्रवाई की बात करें तो इस मामले दिल्ली पुलिस ने 61 FIR दर्ज की हैं। वहीं दिल्ली पुलिस ने 67 लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया है। दिल्ली पुलिस ने 15 नाबालिगों को भी पकड़ा है। वहीं इस ऑपरेशन के तहत दिल्ली पुलिस ने 69 हथियार बरामद किए हैं। 

स्कैन किए जा रहे सोशल मीडिया अकाउंट्स 

दिल्ली पुलिस की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक ऑपरेशन शस्त्र के तहत पुलिस ने 93 जिंदा कारतूस और 13 चाकू भी जब्त किए हैं। दिल्ली पुलिस ने तकरीबन 6000 सोशल मीडिया अकाउंट स्कैन किए हैं और इनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। दरअसल, तमाम सोशल मीडिया अकाउंट्स खास तौर पर इंस्टाग्राम और फेसबुक पर लगातार गन दिखाकर दहशत फैलाने की कोशिश की जा रही है। इसमें गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले गाने वीडियो में लगाकर नाबालिग बच्चों को अपराध की दुनिया में लाने के लिए रिझाया जा रहा था। इसके खइलाफ अब पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।