1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में आज से अगले 3 दिन बारिश की चेतावनी, चलेंगी तेज हवाएं, एनसीआर में फिर लौटेगी ठंड

दिल्ली में आज से अगले 3 दिन बारिश की चेतावनी, चलेंगी तेज हवाएं, एनसीआर में फिर लौटेगी ठंड

मौसम विभाग ने दिल्ली में 26 फरवरी से हल्की बारिश की भविष्यवाणी की है। आज आसमान में बादल छाए रहेंगे और और ठंडी हवाएँ चलने की संभावना है। बारिश से ठंड वापस आने की संभावना दिख रही है।

दिल्ली में बारिश का अलर्ट- India TV Hindi
Image Source : ANI दिल्ली में बारिश का अलर्ट

नई दिल्लीः दिल्ली में सप्ताह की शुरुआत गर्म रही, लेकिन जल्द ही इसमें गिरावट आने की उम्मीद है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज से दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश का अनुमान लगाया है, जिससे बढ़ते तापमान से कुछ राहत मिलेगी। आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, आसमान में बादल छाए रहने और ठंडी हवाएं चलने की संभावना है। बारिश से ठंड वापस आने की संभावना है। अगले तीन दिनों तक मौसम की स्थिति ऐसी ही रहने की उम्मीद है।  

दिल्ली-एनसीआर में चल सकती हैं तेज हवाएं

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली और उसके आस-पास इलाकों में आज 19 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। शाम तक हल्की बारिश की संभावना है। 28 फरवरी तक दिल्ली में हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने बताया कि एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है, जिससे 26 फरवरी से बारिश शुरू हो सकती है। 

दिल्ली में फिर लौट सकती है ठंड

दिल्ली-एनसीआर में अगले तीन दिन हल्की बारिश और हवा चलने की वजह से ठंड वापस लौट सकती है। तापमान1-2 डिग्री सेल्सियस गिर सकता है। दिल्ली में आज न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमशः 12 डिग्री सेल्सियस और 28 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। आगामी सप्ताह में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार की सुबह आसमान साफ रहा और न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

दिल्ली में वायु गुणवत्ता 'मध्यम' श्रेणी में 

 दिल्ली में सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 188 दर्ज किया गया जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, एक्यूआई शून्य से 50 के बीच अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है।