दीपावली और अन्य त्योहारों के दौरान लोगों को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए दिल्ली सरकार का खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार अभियान चला रहा है। इसी कड़ी में विभाग की टीमों ने उत्तर-पूर्वी, पूर्वी, शाहदरा, दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के विभिन्न इलाकों में मिठाई की दुकानों, डेयरियों और खाद्य पदार्थ बनाने वाली इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाइयों और दुग्ध उत्पादों सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 40 नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए। वहीं, मंडोली एक्सटेंशन स्थित एक डेयरी में करीब 100 किलोग्राम मानव उपभोग के अयोग्य खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। इसके साथ ही आठ प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किया गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने खाद्य सुरक्षा विभाग को निर्देश जारी किए हैं कि मिठाई की दुकानों, डेयरियों और खाद्य निर्माण इकाइयों की नियमित जांच की जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सीएम रेखा ने कहा है कि जनस्वास्थ्य की रक्षा और उपभोक्ताओं का विश्वास बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
खोया, पनीर, घी और मिठाइयों के नमूने लिए
विभाग की टीमों ने उत्तर-पूर्वी, पूर्वी और शाहदरा क्षेत्रों में की गई जांच के दौरान खोया, पनीर, घी, कलाकंद, लड्डू, गुलाब जामुन और ड्राई फ्रूट गिफ्ट पैक सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के 22 नमूने लिए। निरीक्षण के दौरान मंडोली एक्सटेंशन की एक डेयरी में दुर्गंधयुक्त खोया, रसगुल्ले तथा मच्छरों और मक्खियों से दूषित दूध पाया गया। विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए करीब 100 किलोग्राम ऐसी खाद्य सामग्री नष्ट की, जो खाने योग्य नहीं थी।
Image Source : Reporterमिठाई की दुकानों और फैक्ट्रियों की हुई जांच।
दक्षिण और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में 12 प्रतिष्ठानों की जांच
त्योहारों को ध्यान में रखते हुए दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में भी विशेष अभियान चलाया गया। इसके तहत मिठाई की दुकानों और निर्माण इकाइयों सहित 12 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। यहां से लड्डू, बर्फी, कलाकंद, रसगुल्ला, खोया, छेना, पनीर, घी और स्किम्ड मिल्क पाउडर के 18 नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए। इसके अतिरिक्त, निहाल विहार स्थित एक मिठाई निर्माण इकाई के संबंध में मिली शिकायत पर भी कार्रवाई की गई। विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर इकाई का निरीक्षण किया और तीन नमूने जांच के लिए लिए। जांच में यह इकाई बिना एफएसएसएआई पंजीकरण के संचालित होती पाई गई।
स्वच्छता मानकों में कमी पर कार्रवाई की तैयारी
निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और स्वच्छता से जुड़े निर्धारित मानकों के प्रावधानों के अनुपालन की भी जांच की गई। जहां कमियां पाई गईं, वहां सुधारात्मक कार्रवाई के लिए कुल आठ प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किया गया। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि खाद्य नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट और निरीक्षण में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Image Source : Reporterकई जगहों पर एक्शन भी लिया गया।
गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता: CM रेखा
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि त्योहारों की खुशियां तभी सार्थक हैं, जब हर परिवार तक पहुंचने वाली खाद्य सामग्री शुद्ध, सुरक्षित और स्वास्थ्य के अनुकूल हो। खाद्य पदार्थों में मिलावट, दूषित सामग्री की बिक्री और स्वच्छता मानकों की अनदेखी सीधे लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर विषय है। दिल्ली सरकार इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी। खाद्य सुरक्षा विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि मिठाई की दुकानों, डेयरियों और खाद्य निर्माण इकाइयों की नियमित जांच की जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल अनियमितताओं पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था विकसित करना है, जिसमें दिल्लीवासियों को पूरे वर्ष और विशेष रूप से त्योहारों के दौरान भरोसेमंद एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके। जनस्वास्थ्य की रक्षा और उपभोक्ताओं का विश्वास बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
ये भी पढ़ें- दिल्ली में छठ पूजा पर LG का बड़ा ऐलान, श्रद्धालुओं को मुफ्त मिलेंगे घाट और तालाब; बिहार-UP वालों को मिलेगी प्राथमिकता
दिल्ली में 6-7 नवंबर को "दिल्ली की दिवाली" कार्यक्रम, CM रेखा करेंगी उद्घाटन, कपिल मिश्रा बोले- 'भव्य ड्रोन शो भी होगा'