A
  1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली के रोहिणी में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, 2 अपराधी गोली लगने से हुए घायल

दिल्ली के रोहिणी में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, 2 अपराधी गोली लगने से हुए घायल

दिल्ली के रोहिणी में पुलिस मुठभेड़ में 2 बदमाश घायल हुए और 3 गिरफ्तार किए गए। ये आरोपी बवाना हत्याकांड से जुड़े थे। दिल्ली पुलिस की कार्रवाई में जवाबी फायरिंग के दौरान बदमाशों के पैरों में गोली लगी।

Delhi Rohini encounter, Delhi Police shootout, Bawana murder case- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT दिल्ली पुलिस के साथ मुठभेड़ में 2 बदमाश घायल हुए हैं।

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने रोहिणी इलाके में बदमाशों के साथ मुठभेड़ में 2 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मुठभेड़ में दोनों बदमाशों को गोली लगी है। दोनों घायल अपराधी हाल ही में बवाना में हुई एक हत्या के मामले में शामिल थे, जबकि उनका तीसरा साथी भी पुलिस की गिरफ्त में है। पुलिस के मुताबिक, रोहिणी सेक्टर-28 में यह मुठभेड़ हुई। जब पुलिस टीम बदमाशों को पकड़ने के लिए ट्रैप लगाकर इंतजार कर रही थी, तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें 2 बदमाशों के पैरों में गोली लग गई।

घायल बदमाशों को अस्पताल में भर्ती कराया गया

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने दोनों घायल बदमाशों को अस्पताल में भर्ती कराया है। दिल्ली पुलिस ने अपने बयान में कहा, 'रोहिणी इलाके में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच के साथ मुठभेड़ के बाद 3 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की थी, जिसके जवाब में पुलिस की गोलीबारी में दो अपराधी घायल हुए। दोनों अपराधी हाल ही में बवाना में हुई हत्या के मामले में शामिल थे।' पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बवाना हत्या मामले के आरोपी रोहिणी इलाके में आने वाले हैं। इसी सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने वहां नाकाबंदी कर ली थी। बदमाशों के फायरिंग करने पर पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की।

रवि भारद्वाज नाम के व्यक्ति की हुई थी हत्या

19 मार्च को बवाना के हरेवली गांव में रवि भारद्वाज नाम के व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हमले में उनके पिता समेत 3 अन्य लोग भी घायल हो गए थे। पुलिस के मुताबिक, यह हमला गैंगवार का नतीजा था। इस हत्याकांड के कथित मुख्य शूटर, 20 साल के आकाश उर्फ बिट्टू उर्फ खुड्डी को गुरुवार को बिहार के बेगूसराय से गिरफ्तार किया गया था। आकाश मूल रूप से दिल्ली के नांगल ठाकरान का रहने वाला है और टिल्लू ताजपुरिया गिरोह का प्रमुख गुर्गा बताया जाता है। पुलिस अब घायल बदमाशों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है।