1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में आज भी 'खराब' श्रेणी में दर्ज हुआ प्रदूषण का स्तर, चांदनी चौक इलाके में 300 के पार हुआ AQI

दिल्ली में आज भी 'खराब' श्रेणी में दर्ज हुआ प्रदूषण का स्तर, चांदनी चौक इलाके में 300 के पार हुआ AQI

दिल्ली में प्रदूषण का स्तर बढ़ गया है। राजधानी के ज्यादातर इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स 200 के पार चला गया है। चांदनी चौक इलाके में तो एयर क्वालिटी इंडेक्स 306 दर्ज किया गया।

दिल्ली में प्रदूषण का स्तर बढ़ा- India TV Hindi
Image Source : PTI दिल्ली में प्रदूषण का स्तर बढ़ा

नई दिल्लीः दिल्ली में प्रदूषण का स्तर धीरे-धीरे लगातार बढ़ रहा है। बुधवार को दिल्ली में पिछले तीन महीनों से भी ज़्यादा समय की सबसे खराब हवा दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में आज प्रदूषण का स्तर खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। चांदनी चौक इलाके में गुरुवार को एयर क्वालिटी इंडेक्स 306 दर्ज किया गया, जोकि बहुत खराब श्रेणी में है।

दिल्ली में ग्रैप-1 लागू

वायु गुणवत्ता के 'खराब' श्रेणी में पहुंचने के बाद केंद्र ने दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में ग्रैप का पहला चरण लागू कर दिया है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) द्वारा लागू ग्रैप के पहले चरण के तहत निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण के उपायों को सख्त किया जाएगा। कचरे और जैविक सामग्री को खुले में जलाने पर रोका जाएगा। वाहनों के वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी) की जांच की जाएगी और  अधिक प्रदूषण फैलाने वाले और निर्धारित सीमा पूरी कर चुके पेट्रोल-डीजल वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

दिल्ली में कहां पर कितना प्रदूषण का स्तर (सुबह 8.05 मिनट) 

  • चांदनी चौक- 306 AQI (बहुत खराब)
  • बवाना- 274  AQI (खराब)
  • अलीपुर- 272 AQI (खराब)
  • वज़ीरपुर-  253 AQI (खराब)
  • आनंद विहार- 236 AQI (खराब)
  • नजफगढ़,  241  AQI (खराब)
  • जे.एन.यू.,  238  AQI (खराब)
  • आईजीआई हवाई अड्डा- 236 AQI (खराब)
  • बुराड़ी क्रॉसिंग 226  AQI (खराब)
  • आया नगर-214  AQI (खराब)
  •  वसुन्धरा एन्क्लेव- 206 AQI (खराब)

दिल्ली में तेजी से बढ़ा प्रदूषण

इससे पहले दिल्ली में बुधवार को ओवर ऑल एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 245 दर्ज किया गया, जोकि 100 दिनों में सबसे अधिक है और इसके साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में इस मौसम में पहली बार वायु गुणवत्ता 'खराब' श्रेणी में पहुंच गई। दिल्ली में इस स्तर का एक्यूआई पिछली बार 13 जुलाई को दर्ज किया गया था। तब एक्यूआई 246 रहा था। वायु गुणवत्ता में यह गिरावट दशहरे के एक दिन बाद दर्ज की गई। 

बता दें कि दशहरे वाले दिन दिल्ली और एनसीआर में कई जगह पटाखों से भरे रावण के पुतले जलाए गए थे। इसके अलावा लोगों ने पटाखे भी फोड़े थे। प्रदूषण बढ़ने की यही प्रमुख वजह माना जा रहा है, हालांकि, इस गिरावट को दशहरा उत्सव से सीधे तौर पर जोड़ने वाला कोई साक्ष्य सामने नहीं आया है। 

ये भी पढ़ेंः देश के 6 राज्यों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की चेतावनी, ऑरेंज अलर्ट जारी; उत्तर भारत में आज कैसा रहेगा मौसम?