A
  1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में डबल मर्डर की सनसनीखेज वारदात, घर के तीसरे माले पर मिले बुजुर्ग दंपति के शव

दिल्ली में डबल मर्डर की सनसनीखेज वारदात, घर के तीसरे माले पर मिले बुजुर्ग दंपति के शव

दिल्ली में बुजुर्ग दंपति के मर्डर ने सनसनी मचा दी है। उनके शव घर की तीसरी मंजिल पर पड़े मिले हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Delhi Double Murder Case- India TV Hindi
Image Source : PEXELS (प्रतीकात्मक फोटो) दिल्ली में दिल दहला देने वाली डबल मर्डर की वारदात।

Delhi Double Murder Case: दिल्ली के शाहदरा में दिल दहला देने वाली वारदात हुई है। यहां राम नगर एक्सटेंशन में मौजूद एक मकान में बुजुर्ग दंपति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस को शक है कि यह मामला मर्डर का है, हालांकि लूट की आशंका होने से भी पुलिस ने इनकार नहीं किया है। पुलिस के मुताबिक, 3 और 4 जनवरी की दरमियानी रात करीब साढ़े 12 बजे पुलिस स्टेशन, एम. एस. पार्क को पीसीआर कॉल आई। फोन करने वाले ने घबराई हुई आवाज में बताया कि उसके माता-पिता दोनों घर के अंदर बेहोश पड़ हुए हैं। मुझे लगता है कि शायद उनकी मौत हो गई है।

बुजुर्ग दंपति की मौत कैसे हुई?

इसकी खबर मिलते ही जांच अधिकारी, पुलिस टीम के साथ आननफानन में मौके पर पहुंचे। वहां, उनकी मुलाकात कॉल करने वाले वैभव बंसल से हुई, जो मृतक दंपति के बेटे हैं और उनके साथ उसी घर में रहते हैं। वैभव बंसल ने पुलिस से कहा कि उन्हें लगता है कि शायद किसी अनजान ने उनके माता-पिता की हत्या कर दी है।

अलग-अलग कमरों में पड़ी मिली लाशें

इसके बाद जब, पुलिस की टीम घर के अंदर दाखिल हुई तो मकान की तीसरी मंजिल पर दो अलग-अलग कमरों से दो बॉडी बरामद की। मृतकों की पहचान 65 साल की पार्वेश बंसल, जो हाउसवाइफ और वैभव की मां थीं, के रूप में हुई। और 75 साल के वीरेंद्र कुमार बंसल, जो रिटायर्ड टीचर और वैभव के पिता हैं, के रूप में हुई है। ये दोनों शाहदरा के रामनगर एक्सटेंशन के रहने वाले थे।

मृतक के चेहरे पर दिखे चोट के निशान

पुलिस की जांच में पाया गया कि वीरेंद्र कुमार बंसल के फेस पर चोट के निशान थे, जिससे मर्डर की आशंका और गहरा गई। इसके बाद क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम मौके पर बुलाई गई। फिर घटनास्थल का बारीकी से दोनों टीमों ने निरीक्षण किया। उन्होंने सबूत इकट्ठा करते हुए तस्वीरें भी लीं।

मामले की पड़ताल में जुटी पुलिस

जान लें कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है। प्रारंभिक जांच में लूट होने की आशंका को खारिज नहीं किया जा रहा, लेकिन पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस की टीम यह जानने का प्रयास कर रही है कि इस डबल मर्डर के पीछे मकसद क्या था, क्या घर में किसी प्रकार की लूट हुई है और आखिरी बार इस दंपति से कौन मिला था। पुलिस मामले की पड़ताल तेजी से कर रही है।

ये भी पढ़ें- 

बिहार: बेटे को मृत मानकर परिवार ने कर दिया था अंतिम संस्कार, 18 साल बाद वो जिंदा वापस लौटा, हैरान कर देगा ये मामला

भिवंडी में भिड़े BJP-कांग्रेस के कार्यकर्ता, जमकर चले लाठी-डंडे और कुर्सियां; दो घायल