राजधानी में एक बार फिर तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला है। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के सुखदेव विहार मेट्रो स्टेशन के पास एक तेज रफ्तार सफेद रंग की i20 कार ने एक ऑटो-रिक्शा और एक रिक्शा को टक्कर मार दी। इस दर्दनार हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल व्यक्ति को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसा मेट्रो स्टेशन से लगभग 100 मीटर की दूरी पर हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद i20 कार का ड्राइवर गाड़ी छोड़कर मौके से भाग गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी ड्राइवर का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। यह हादसा शनिवार तड़के की है।
चश्मदीद ने बताई आंखों देखी
घटनास्थल के पास चाय की दुकान चलाने वाले एक चश्मदीद ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 6:30 बजे की है। उस समय दो तेज रफ्तार कारें आपस में रेस लगा रही थीं। इसी दौरान सफेद रंग की i20 कार ने पहले एक ऑटो-रिक्शा को टक्कर मारी और फिर पास से गुजर रहे एक रिक्शा को अपनी चपेट में ले लिया। चश्मदीद के अनुसार, टक्कर के बाद ड्राइवर कार से बाहर निकला और अपने साथियों के साथ दूसरी गाड़ी में बैठकर भाग गया। कार में करीब तीन से चार लोग सवार थे। चश्मदीद ने बताया कि यह हादसा जब हुआ तब वह अपनी दुकान पर मौजूद था।
CCTV खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। पुलिस फरार ड्राइवर की पहचान करने और हादसे की घटनाओं का क्रम पता लगाने के लिए इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। आगे की जांच जारी है।
सरिता विहार हादसे के कुछ ही दिनों बाद दूसरी बड़ी घटना
गौरतलब है कि इससे कुछ ही दिनों पहले दिल्ली के सरिता विहार इलाके में रोड नंबर 13 पर एक दर्दनाक हादसा हुआ था। तड़के करीब 3:20 बजे नोएडा की तरफ से आ रहे एक डंपर ने 'सेफ सिटी प्रोजेक्ट' के तहत सीसीटीवी लगाने का काम कर रहे कर्मचारियों की क्रेन और ऑटो-रिक्शा में टक्कर मार दी थी। उस हादसे में भी 3 लोगों की मौत हो गई थी और 3 अन्य घायल हुए थे।
(ANI इनपुट के साथ)
ये भी पढ़ें-
दिल्ली में सड़क पार कर रही DTC बस मार्शल को बाइक ने मारी टक्कर, ट्रक की चपेट में आने से मौत