नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली के स्वरूप नगर में आज (रविवार को) एक गोदाम-कम-कारखाने में आग लग गई। इसके बाद उसकी बगल वाली बिल्डिंग से कुछ लोग दहशत के मारे कूद गए। इस घटना में महिलाओं और बच्चों सहित 6 लोग जख्मी हो गए हैं।
फैक्टरी के ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल पर लगी आग
पुलिस के मुताबिक, ये आग जूडो की पोशाक और बॉक्सिंग ग्लव्स बनाने वाली फैक्टरी के ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल पर लगी थी। उन्होंने आगे कहा कि आग लगने के वक्त परिसर के अंदर कोई मौजूद नहीं था।
डर के मारे बगल की बिल्डिंग से कूद गए लोग
दिल्ली पुलिस के एक सीनियर अफसर ने कहा, 'आग लगने के बाद फैक्टरी से लगी हुई बिल्डिंग में रहने वाले लोगों में डर पैदा हो गया, जिसकी वजह से महिलाओं और बच्चों समेत 6 लोग बिल्डिंग से कूद गए और जख्मी हो गए।'
हादसे में 6 लोग हो गए घायल
फायर डिपार्टमेंट के मुताबिक, दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में एक गोदाम में आग लगी थी। गोदाम में वैक्सीन और खाट बुनाई के लिए इस्तेमाल की जाने वाली प्लास्टिक रखी हुई थी। गोदाम के साथ में रेजिडेंशियल बिल्डिंग थी जिसमें आज की लपटे पहुंचीं, जिसके चलते 6 लोग घायल हुए हैं। किसी की मौत नहीं हुई है।
सुबह करीब 11 बजे मिली थी आग की सूचना
अफसर के मुताबिक, सभी घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया गया है। उनकी हालत खतरे से बाहर है। दिल्ली फायर डिपार्टमेंट को आग लगने की खबर रविवार सुबह 11 बजकर 5 मिनट पर मिली। इसके बाद फायर ब्रिगेड की 15 गाड़ियों को तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया।
फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर बुझाई आग
दिल्ली पुलिस ने कहा कि फायर ब्रिगेड की कर्मियों ने तुरंत आग बुझाने के लिए ऑपरेशन शुरू किया। स्वरूपनगर की आग पूरी तरह से बुझा दी गई है। पुलिस ने ये भी कहा कि आग लगने की वजहों और इससे हुए नुकसान के बारे में मालूम किया जा रहा है। घटना में जख्मी हुए लोगों की पहचान भी की जा रही है। पिछले महीने, दिल्ली के रघुबीर नगर के एक गोदाम में ई-रिक्शा की बैटरी फटने से आग लग गई थी। इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई थी।
(इनपुट- भाषा)
ये भी पढ़ें- दिल्ली के लोधी कॉलोनी इलाके के एक घर में लगी भीषण आग, 2 बेटियों और उनकी मां की मौत, मचा हड़कंप