1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली के तिमारपुर में 37.50 लाख रुपये की लूट का मामला निकला फर्जी, तीन आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली के तिमारपुर में 37.50 लाख रुपये की लूट का मामला निकला फर्जी, तीन आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली लूट मामले में पुलिस ने 3 आरोपी को गिरफ्तार किया है। वजीराबाद पुलिस स्टेशन क्षेत्र में 9 तारीख को सूचना मिली थी को साढ़े 37 लाख की लूट हुई है।

दिल्ली लूट केस में तीन गिरफ्तार- India TV Hindi
Image Source : FILE IMAGE दिल्ली लूट केस में तीन गिरफ्तार (सांकेतिक तस्वीर(

उत्तरी दिल्ली के तिमारपुर इलाके में 37.50 लाख रुपये की लूट का मामला पुलिस जांच में पूरी तरह पलट गया। जिस घटना को पहले बाइक सवार बदमाशों द्वारा की गई लूट बताया जा रहा था, वह कंपनी के ही दो कर्मचारियों द्वारा अपने दोस्त के साथ मिलकर रची गई साजिश निकली। तिमारपुर थाना पुलिस ने इस मामले में कंपनी के दो कर्मचारियों और उनके एक दोस्त को गिरफ्तार कर 36.92 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ) निहारिका भट्ट ने बताया कि 9 जुलाई को वजीराबाद थाना क्षेत्र से सूचना मिली थी कि 37.50 लाख रुपये की लूट हुई है। शिकायत के अनुसार, कंपनी के कर्मचारी चांदनी चौक के कूचा महाजनी से नकदी लेकर समयपुर बादली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बुराड़ी चौक के पास बाइक सवार बदमाशों ने उनका बैग छीन लिया।

शिकायत में दावा किया गया था कि कर्मचारियों ने दो बाइक पर सवार चार बदमाशों का पीछा किया। इस दौरान भीड़ की मदद से एक आरोपी को पकड़ लिया गया और उसे कंपनी के कर्मचारियों अभिषेक और योगेश के हवाले कर दिया गया। बाद में कर्मचारियों ने पुलिस को बताया कि पकड़े गए आरोपी ने योगेश की पीठ पर काट लिया, उनका मोबाइल छीन लिया और मौके से फरार हो गया।

हालांकि, पुलिस को जांच के दौरान कर्मचारियों के बयान में कई विरोधाभास मिले। सबसे बड़ा संदेह तब हुआ जब अभिषेक ने मोबाइल छीने जाने की बात कही, लेकिन जांच में पता चला कि मोबाइल तो उनके पास ही था। इसी विरोधाभास के आधार पर पुलिस ने पूरे मामले की गहराई से जांच शुरू की।

जांच में खुलासा हुआ कि कथित लूट की पूरी कहानी पहले से रची गई थी। पुलिस के अनुसार, कंपनी के कर्मचारी अभिषेक और योगेश इस साजिश के मास्टरमाइंड थे। दोनों ने एक कैफे में अपने दोस्त विपिन से मुलाकात की और उसे बताया कि वे अपने मालिक से बड़ी रकम लेकर आते हैं। इसके बाद तीनों ने मिलकर नकदी हड़पने की योजना बनाई।

पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में ऐसा सामने आया है कि साजिश अभिषेक और योगेश ने रची थी। हालांकि, तीसरे आरोपी विपिन को पूरी योजना की सभी जानकारियां पहले से नहीं थीं।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 36 लाख 92 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, टीम की सतर्कता और तकनीकी जांच के कारण मामले का जल्द खुलासा हो सका। पुलिस अब पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि साजिश में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।

(रिपोर्ट- कुमार सोनू)

ये भी पढ़ें-

दिल्ली के लाल किले को बम से उड़ाने की धमकी, मुंबई तक मचा हड़कंप