नई दिल्ली: दिल्ली के इंडिया गेट के पास कनाडाई नागरिक से iPhone-16 छीना गया है। बाइक सवार दो बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। 22 तारीख की देर रात विदेशी नागरिक सेल्फी ले रहा था, तभी उससे मोबाइल झपट लिया गया। घटना कर्तव्य पथ इलाके में शेरशाह सूरी रोड के पास हुई।
कनाडा से दिल्ली आया था शख्स
पीड़ित सुखविंदर 20 मई को कनाडा से दिल्ली आया था और एरोसिटी के होटल में ठहरा हुआ था। दोनों बदमाश मास्क पहनकर बाइक पर आए थे। पीछे बैठे बदमाश ने गुलाबी शर्ट पहन रखी थी। मोबाइल छीनकर आरोपी मथुरा रोड की तरफ फरार हो गया।
कर्तव्य पथ थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है और पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है।
हालही में 50 लाख की लूट का भी सामने आया था मामला
दिल्ली में हालही में एक 50 लाख की लूट का खुलासा पुलिस ने किया था। इस लूट में शामिल शख्स दिल्ली पुलिस का ही कांस्टेबल निकला था। मामला 31 मार्च को सामने आया था, जब नॉर्थ दिल्ली के आजाद मार्केट अंडरपास के पास चार बदमाशों ने एक ऑटो को रोककर उसमें बैठे शख्स से करीब 50 लाख रुपये लूट लिए थे।
पुलिस ने जब इस मामले की जांच की तो उसके भी होश उड़ गए क्योंकि लूट के पीछे दिल्ली पुलिस के ही एक कांस्टेबल का हाथ था। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की प्लानिंग की थी। घटना के बाद वह फरार हो गया था, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने आरोपी जवान को राजस्थान से अरेस्ट कर लिया था।
दिल्ली में लूट के मामले चर्चा का विषय बन रहे हैं। दिल्ली पुलिस को ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करके जनता में ये संदेश देना चाहिए कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलवाई जाएगी।