1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में शनिवार से एक्टिव हो रहा नया पश्चिमी विक्षोभ, गरज-चमक और आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट

दिल्ली में शनिवार से एक्टिव हो रहा नया पश्चिमी विक्षोभ, गरज-चमक और आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट

दिल्ली में रविवार को आंधी-तूफान के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, 5 मई तक बारिश का दौर देखा जा सकता है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : PTI सांकेतिक तस्वीर

नई दिल्लीः दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर से बारिश होने वाली है। दरअसल, शनिवार से एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है। इसकी वजह से 3 से 4 मई तक दिल्ली में हल्की बारिश और तेज़ हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग की तरफ से जारी ताजा चेतावनी के मुताबिक दिल्ली के लाखों लोगों को अगले पांच दिनों तक भीषण गर्मी से राहत राहत रहेगी। 

दिल्ली में शनिवार को कैसा रहेगा मौसम

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में शनिवार को आसमान आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 38°C से 40°C और 24°C से 26°C के बीच रहने की संभावना है। अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब रहेगा। दिन में हल्की हवाएं चलेंगी। 

दिल्ली में रविवार को आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट

दिल्ली में तीन मई यानी रविवार को मौसम खराब होगा। सुबह आसमान आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, जो दोपहर होते-होते बादलों से घिर जाएगा। दोपहर से शाम के बीच गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। इसके साथ ही 30-40 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। कुछ जगहों पर 50 किमी की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 36°C से 38°C और 25°C से 27°C के बीच रहने की संभावना है। 

दिल्ली में सोमवार को कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली में आसमान आमतौर पर बादलों से घिरा रहेगा। दिन के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा 30-50 किमी की रफ्तार से आंधी भी चल सकती है। इस दिन दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 35°C से 37°C और 24°C से 26°C के बीच रहने की संभावना है।

इससे पहले गुरुवार को दिल्ली-NCR क्षेत्र में झमाझम बारिश हुई और कई जगहों पर ओले भी गिरे। बारिश के साथ तेज हवाएं भी चलीं। इससे लाखों लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। दिल्ली में शुक्रवार सुबह हल्की ठंड रही और न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 1.9 डिग्री कम है। दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह नौ बजे 128 दर्ज किया गया, जो 'मध्यम' श्रेणी में है।