1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली-NCR में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश, कई इलाकों में गिरे ओले; खराब मौसम होने से दिन में छाया अंधेरा

दिल्ली-NCR में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश, कई इलाकों में गिरे ओले; खराब मौसम होने से दिन में छाया अंधेरा

दिल्ली-एनसीआर में मौसम बदल गया है। एनसीआर में तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। कई जगहों पर ओले भी गिरे हैं। दोपहर बाद से हवाएं चल रही हैं। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

दिल्ली में बारिश- India TV Hindi
Image Source : ANI दिल्ली में बारिश

नई दिल्लीः दिल्ली, नोएडा समेत पूरे एनसीआर में मौसम का मिजाज बदल गया है। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद समेत पूरे एनसीआर तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। दिल्ली, नोएडा समेत एनसीआर के कई इलाकों में ओले भी गिरे हैं। आकाश में घने बादल छाए रहने से ही दिन में अंधेरा जैसा दिख रहा है। जानकारी के मुताबिक दोपहर बाद आकाश में अचानक बादल छा गए और हवाएं चलने लगी। 3.30 बजे के बाद झमाझम बारिश होने लगी। इससे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में रहने वाले लाखों लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।  

इस वजह से हो रही है बारिश

ताजा जानकारी के मुताबिक, दिल्ली और नोएडा में शाम को बारिश के दौरान ओलावृष्टि हुई है। अचानक मौसम बदलने के कारण भीषण गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली है। एनसीआर में तेज हवाएं भी चल रही हैं। दिल्ली के कई इलाकों में तेज बारिश हो रही है। दरअसल ये बारिश पश्चिमी विक्षोभ के कारण हो रही है। 

आंधी-तूफान के साथ बारिश के आसार

इससे पहले मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा था कि गुरुवार को दोपहर बाद से बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। एनसीआर में तेज़ हवाएं चलेंगी। हवा की गति 30-40 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है और दोपहर बाद या शाम के समय 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी।

मौसम विभाग के अनुसार, सोनीपत, रोहतक, खरखौदा, चरखी दादरी, मट्टनहेल, झज्जर, फरुखनगर, कोसली, महेंद्रगढ़, सोहना, रेवाड़ी, पलवल में हल्की आंधी और बिजली (30-40 किमी/घंटा तेज़ हवाएं) के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। नारनौल, बावल, नूंह, औरंगाबाद, होडल (हरियाणा), बड़ौत, बागपत, मेरठ, खेकड़ा, मोदीनगर, पिलखुआ, हापुड, गुलावटी, सिकंदराबाद, बुलंदशहर, खुर्जा (यूपी) भिवाड़ी, तिजारा, खैरथल, कोटपूतली, अलवर में भी बारिश की संभावना है।

दिल्ली में बढ़ गई थी गर्मी

बता दें कि दिल्ली-एनसीआर में पिछले सप्ताह से भीषण गर्मी पड़ रही थी। एनसीआर में तापमान 42-44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। इससे पहले दिल्ली में बुधवार को भी हल्की बारिश हुई थी। हालांकि आज जितना बारिश हुई उतना बारिश कल नहीं हुई थी।