A
  1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. उत्तरी दिल्ली में एकतरफा प्रेम को लेकर खूनी संघर्ष, दो लोगों की मौत, कई अन्य घायल

उत्तरी दिल्ली में एकतरफा प्रेम को लेकर खूनी संघर्ष, दो लोगों की मौत, कई अन्य घायल

एकतरफा प्रेम से जुड़े पुराने विवाद ने दिल्ली के सराय रोहिल्ला इलाके में हिंसक रूप ले लिया। दो गुटों के बीच हुई झड़प में दो लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।

Delhi police- India TV Hindi
Image Source : PTI दिल्ली पुलिस (प्रतिकात्मक तस्वीर)

नई दिल्ली: एकतरफा प्रेम के मामले में हुए संघर्ष में दो लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हो गए। यह सराय रोहिल्ला के जखीरा इलाके में हुई।  बताया जाता है कि कथित तौर पर एकतरफा प्रेम से जुड़े लंबे समय से जारी विवाद के कारण दो गुटों के बीच हुई झड़प में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। 

कुछ घायलों की हालत गंभीर

पुलिस को शुक्रवार को एक झगड़े के संबंध में सूचना मिली थी। पुलिस ने बताया कि उत्तरी दिल्ली के सराय रोहिल्ला इलाके में उसकी टीम के पहुंचने से पहले ही घायलों को दीप चंद बंधु अस्पताल ले जाया जा चुका था। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बाद में बेहतर उपचार के लिए लोक नायक जय प्रकाश (LNJP) अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने बताया कि कुछ घायलों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। 

लंबे समय से चल रहा था तनाव 

पुलिस के मुताबिक, घायलों की पहचान जखीरा निवासी मंसूर उर्फ सन्नाटा (25), समीर और इम्तियाज (28) के रूप में तथा सबीना और अरमान के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि एलएनजेपी अस्पताल में इलाज के दौरान मंसूर और इम्तियाज की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि मंसूर का सबीना के प्रति एकतरफा प्रेम था, जिसे लेकर दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ था। पुलिस के अनुसार, इस मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच मुकदमा भी लंबित है। 

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ''सभी घायल व्यक्तियों की चिकित्सकीय जांच की गई और उनके चिकित्सा-कानूनी प्रमाण पत्र (एमएलसी) प्राप्त किए गए।'' पुलिस ने इस मामले में दो FIR दर्ज की हैं। पहली FIR प्रारंभिक रोजनामचा के आधार पर, जबकि दूसरी FIR  सबीना के बयान के आधार पर दर्ज की गई। दोनों मामलों को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। बाद में एक मामले में धारा 103 (हत्या) भी जोड़ी गई। पुलिस ने अब तक दो आरोपियों सबीना और इमरान को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।