A
  1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली के पॉश इलाके सीआर पार्क में डबल मर्डर, बाप-बेटे की चाकुओं से गोदकर हत्या

दिल्ली के पॉश इलाके सीआर पार्क में डबल मर्डर, बाप-बेटे की चाकुओं से गोदकर हत्या

दिल्ली के पॉश इलाके सीआर पार्क स्थित तारा अपार्टमेंट में पिता और बेटे की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और पैसों के लेनदेन को घटना का संभावित कारण बताया है।

Delhi double murder, CR Park double murder, CR Park double murder case, father son killed Delhi- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT दिल्ली के सीआर पार्क में पिता और बेटे की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई।

नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके सीआर पार्क में एक सनसनीखेज डबल मर्डर की घटना सामने आई है। यहां स्थित तारा अपार्टमेंट में एक पिता और उसके बेटे की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में चाकू से किए गए हमले में बाप-बेटे को कई गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को खबर दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

'अभी फरार है घटना को अंजाम देने वाला आरोपी'

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, इस डबल मर्डर के पीछे आर्थिक विवाद को संभावित कारण माना जा रहा है। आरोपी की पहचान कर ली गई है, लेकिन वह अभी गिरफ्त से बाहर है। दिल्ली पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया, 'दक्षिण दिल्ली के सीआर पार्क इलाके में एक पिता और पुत्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि एक व्यक्ति मामूली रूप से घायल हुआ है। हत्या के पीछे पैसों से जुड़े विवाद को संभावित कारण माना जा रहा है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। आरोपी की पहचान हो चुकी है, लेकिन वह अभी फरार है।'

दिल्ली पुलिस ने पकड़ा था 35 साल से फरार अपराधी

बता दें कि दिल्ली पुलिस ने हाल ही में 1991 में लूट के एक मामले में मकान मालकिन की हत्या करने और उसके बेटे को घायल करने के आरोपी को गिरफ्तार करके 35 साल पुराने मामले की गुत्थी सुलझा ली थी। एक अधिकारी ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया था कि आरोपी की पहचान छवि लाल वर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने कहा कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए कई साल तक जानबूझकर अपने पैतृक स्थान नहीं लौटा और यहां तक की अपने बच्चों की शादियों समेत किसी भी पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल नहीं हुआ था।