1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली के द्वारका में दहेज के लिए महिला की हत्या, घटना के 3 दिन बाद भी खुले घूम रहे आरोपी

दिल्ली के द्वारका में दहेज के लिए महिला की हत्या, घटना के 3 दिन बाद भी खुले घूम रहे आरोपी

महिला के परिजनों ने मामले की जांच किसी अन्य पुलिस अधिकारी को सौंपने की मांग की है। उनका कहना है कि घटना के तीन दिन बाद भी आरोपी खुले घूम रहे हैं। पुलिस ने उन्हें अब तक एफआईआर की कॉपी नहीं दी है।

Komal- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मृतक कोमल (बाएं), शादी की फोटो (दाएं)

दिल्ली के द्वारका इलाके में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर हत्या का मामला सामने आया है। 22 साल की कोमल उर्फ वर्षा नाम की लड़की ने 21 अगस्त को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। हालांकि, लड़की के परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की है, बल्कि उसकी हत्या कर उसे फांसी पर लटकाया गया। कोमल की शादी इसी साल 16 अप्रैल को अमन नाम के लड़के के साथ सतग बदू सराय इलाके में हुई थी। कोमल के परिजनों का कहना है कि ससुराल के लोग दहेज के लिए अक्सर उसे परेशान करते थे। उसने यह बात उनके साथ भी शेयर की थी।
 
कोमल के पिता दिनेश का आरोप है उसकी बेटी को दहेज के लिए तंग किया जाता था। कोमल का पति अमन और ससुराल वाले बेटी को दहेज के लिए अक्सर तंग किया करते थे और अमन उसको टॉर्चर करता था। 21 अगस्त को अमन ने कोमल को अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया था। एसडीएम इंक्वायरी और परिवार के आरोप के बाद पुलिस ने 23 अगस्त को दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और परिवार के बयान लिए जा रहे है।

पुलिस पर लापरवाही के आरोप

मृतक महिला के भाई ने पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि घटना के तीन दिन बाद भी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया है। हत्या का मुख्य आरोपी खुला घूम रहा है। ऐसे में सबूतों के साथ छोड़छाड़ हो सकती है। कुछ भी किया जा सकता है। इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि इस केस की जांच किसी अन्य अधिकारी को दी जानी चाहिए। लड़की के भाई ने कहा कि घटना के तीन दिन बाद भी उन्हें एपआईआर की कॉपी नहीं मिली है।