A
  1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में अप्रैल से महंगी हो सकती है बिजली, जानें क्या है वजह

दिल्ली में अप्रैल से महंगी हो सकती है बिजली, जानें क्या है वजह

दिल्ली में बिजली महंगी हो सकती है। अप्रैल से इसके महंगे होने की संभावना है। सरकार इसके लिए रणनीति बनाने में जुटी हुई है। बिजली महंगी होने के पीछे की वजह भी सामने आ रही है।

Electricity- India TV Hindi
Image Source : PTI/ANI दिल्ली में अप्रैल से महंगी हो सकती है बिजली

नई दिल्ली: दिल्ली में रहने वालों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। दिल्ली में अप्रैल से बिजली महंगी हो सकती है क्योंकि सरकार वितरण कंपनियों का 38,000 करोड़ रुपये से अधिक का बकाया भुगतान करने की तैयारी कर रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि बिजली की दरें बढ़ जाएंगी। 

क्या है पूरा मामला?

दिल्ली सरकार 3 बिजली वितरण कंपनियों का 38,000 करोड़ रुपये से अधिक का बकाया भुगतान करने की तैयारी में है। ऐसे में अप्रैल से दिल्ली में बिजली की दरें बढ़ सकती हैं। हालांकि इस काम का असर दिल्लीवासियों पर न पड़े इसलिए सरकार बिजली शुल्क में बढ़ोतरी पर सब्सिडी देने की योजना बना रही है। ये जानकारी अधिकारियों के हवाले से सामने आई है। 

दरअसल बीते साल अगस्त में सुप्रीम कोर्ट ने ये निर्देश दिया था कि दिल्ली की तीन निजी वितरण कंपनियों, बीआरपीएल, बीवाईपीएल और टीपीडीडीएल को सात वर्षों में 27,200 करोड़ रुपये की वहन लागत सहित विनियामक परिसंपत्तियों का भुगतान किया जाए।

कितनी है बकाया राशि?

डीईआरईसी से मिली जानकारी के मुताबिक, बीआरपीएल के लिए 19,174 करोड़ रुपये, बीवाईपीएल के लिए 12,333 करोड़ रुपये और टीपीडीडीएल के लिए 7,046 करोड़ रुपये बकाया है। गौरतलब है कि बीते एक दशक में AAP सरकार में बिजली शुल्क में बढ़ोतरी नहीं हुई थी, जिसकी वजह से भविष्य में वसूल की जाने वाली लागतों में भारी वृद्धि हुई है।

गौरतलब है कि मिडिल ईस्ट तनाव की वजह से पहले ही गैस सिलेंडर पाने के लिए लोग परेशान हैं और अब बिजली की दरें बढ़ने की खबर आम आदमी को परेशान कर सकती है। दिल्ली-एनसीआर में गैस सिलेंडर पाने के लिए लोगों की सड़कों पर लंबी लाइनें लगी हुई हैं, वहीं अब बिजली महंगी होने से उसकी पॉकेट पर भी असर पड़ सकता है। हालांकि सरकार बढ़ी हुई कीमतों पर सब्सिडी देने की तैयारी में है लेकिन ये सब्सिडी आम आदमी को कितना राहत पहुंचा पाएगी, ये तो आने वाला वक्त ही बताएगा। 

बता दें कि बिजली सस्ती करने के वादे करके ही केजरीवाल ने दिल्ली में बड़ा वोट बैंक तैयार किया था, ऐसे में अगर बिजली महंगी होती है तो उसका बीजेपी को नुकसान हो सकता है। (इनपुट: PTI)