A
  1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली की फैक्ट्री में आग लगने से हुआ जोरदार धमाका, इमारत गिरी; आसमान में उठा धुएं का गुबार

दिल्ली की फैक्ट्री में आग लगने से हुआ जोरदार धमाका, इमारत गिरी; आसमान में उठा धुएं का गुबार

राजधानी दिल्ली के बवाना इलाके में एक फैक्ट्री में आग लगने का मामला सामने आया है। आग लगने की वजह से एक जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद इमारत ढह गई। फिलहाल आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की 17 गाड़ियां लगी हुई हैं।

आग लगने से हुआ जोरदार धमाका।- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV आग लगने से हुआ जोरदार धमाका।

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के बवाना इलाके से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां दिल्ली के बवाना इलाके में शनिवार तड़के एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग लगने की यह घटना सेक्टर 2, DSIDC बवाना के J-10 की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 4:48 बजे एक फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि फैक्ट्री की इमारत में विस्फोट हो गया। इस विस्फोट की वजह से इमारत भी गिर गई। वहीं आग लगने की सूचना दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। 

दमकल विभाग की टीम मौजूद

फिलहाल दमकल विभाग की 17 गाड़ियों को आग पर काबू पाने के लिए लगाया गया है। दमकलकर्मी आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे हैं। हालांकि गनीमत की बात ये रही कि अब तक इस हादसे में किसी के घायल होने या हताहत होने की खबर नहीं है। फिलहाल मामले की जांच भी की जा रही है। आग लगने के कारणों के बारे में अभी तक कुछ भी स्पष्ट नहीं हो सका है। आग पर काबू पाने के बाद इसपर विस्तार से जांच की जाएगी। आग लगने के बाद से इलाके में धुएं का गुबार दूर से ही देखा जा सकता है।

कोटला मुबारकपुर में आग

इससे पहले बुधवार को दिल्ली के कोटला मुबारकपुर स्थित बाजार में भी आग लगने की घटना सामने आई थी। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सुबह चार बजकर आठ मिनट पर आग लगने की घटना सामने आई थी। सूचना मिलने के बाद दमकल के नौ वाहनों को घटनास्थल पर भेजा गया। सुबह सवा छह बजे तक आग पर काबू पा लिया। इस घटना में कोई भी हताहत नहीं हुआ। हालांकि आग लगने की इस घटना में कपड़े, तिरपाल, ‘स्टेशनरी’ और ‘कॉस्मेटिक’ सहित विभिन्न प्रकार का सामान बेचने वाली दुकानें प्रभावित हुईं।