1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. ऑनलाइन निवेश के बहाने ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दिल्ली पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार

ऑनलाइन निवेश के बहाने ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दिल्ली पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है जो वरिष्ठ नागरिकों को शेयर मार्केट में निवेश करने की योजना के जरिए ऑनलाइन स्कैम करता था। पुलिस ने इस मामले में 3 लोगों को गिरफ्तार किया है।

Gang cheating gang busted on the pretext of online investment Delhi Police arrested 3 accused- India TV Hindi
Image Source : PTI प्रतीकात्मक तस्वीर

दिल्ली पुलिस ने फर्जी शेयर बाजार निवेश योजना के जरिए एक वरिष्ठ नागरिक से 31 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। आरोपियों की पहचान मोहसीन (37), नैयर अली (39) और कैफ (22) के रूप में हुई है, जिन्हें मंगलवार को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, एक निर्माण कंपनी में काम करने वाले 62 वर्षीय पीड़ित को सोशल मीडिया के जरिए निशाना बनाया गया, जहां आरोपियों ने उसे निवेश के एक फर्जी मंच से परिचित कराया। फिर उसे एक ऐसे समूह में जोड़ा गया जो फर्जी स्टॉक परामर्श और निवेश सलाह देता था।

क्या बोले वरिष्ठ अधिकारी

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "आरोपी ने पीड़ित को आईपीओ में पैसा लगाने और लाभ निकासी के माध्यम से अधिक मुनाफे का वादा किया था। दावों पर विश्वास करके, उसने ऑनलाइन तरीकों से कई व्यक्तिगत बैंक खातों में पैसा हस्तांतरित कर दिया।" जब पीड़ित ने अपने पैसे निकालने की कोशिश की तो जालसाजों ने कथित तौर पर उसे धमकाया और अतिरिक्त रकम हस्तांतरित करने के लिए मजबूर किया। कुल नुकसान लगभग 31 लाख रुपये बताया गया है।

स्कैम का पैसा बरामद करने के प्रयास जारी

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मोहसीन से जुड़े खाते में 5.44 लाख रुपये जमा किए गए थे। वह धोखाधड़ी की सूचना मिलने के बाद भूमिगत हो गया था। बाद में उसे गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया गया। उससे पूछताछ में उसके साथियों कैफ और नैयर अली की पहचान हुई। कैफ को दिल्ली के राजौरी गार्डन और नैयर को गोविंदपुरी से गिरफ्तार किया गया। गिरोह से जुड़े अन्य बैंक खातों और लोगों का पता लगाने के लिए आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि धन बरामद करने के प्रयास जारी हैं।

(इनपुट-भाषा)