दिल्ली पुलिस ने पांडव नगर थाना क्षेत्र में हुई विदेशी मुद्रा लूट के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई कार को भी जब्त कर लिया गया है। जानकारी अनुसार, पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट की रकम में शामिल 1,100 यूरो भी बरामद किए हैं। भारतीय रुपयों में इस लूटी गई विदेशी मुद्रा की कुल कीमत लगभग 9.79 लाख बताई जा रही है। दिल्ली पुलिस के अनुसार बदमाशों ने बड़ी ही चालाकी से इस पूरी वारदात को अंजाम दिया था।
आरोपियों ने ऐसे दिया इस वारदात को अंजाम
दिल्ली पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बड़ी ही चालाकी से इस पूरी वारदात को अंजाम दिया। सबसे पहले बदमाशों ने फेक आईडी बनाई। इसके बाद उन्होंने पीड़ित को झांसा देकर डिलीवरी के बहाने एक नकली पते पर बुलाया। जैसे ही पीड़ित उस जगह पर पहुंचा तो आरोपियों ने उसे घेर लिया और उसके पास से विदेशी मुद्रा लूट ली और फरार हो गए।
पुलिस ने तुरंत की कार्रवाई
पुलिस को जैसे ही इस वारदात का पता चला तो तुरंत मामले की जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को भी धर दबोचा। इतना ही नहीं पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटे गए पैसों में से 1,100 यूरो भी बरामद किए। साथ ही, वारदात के समय इस्तेमाल की गई कार को भी जब्त कर लिया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।
6 जुलाई को हुई थी वारदात
जानकारी अनुसार विदेशी मुद्रा लूट की वारदात 6 जुलाई को नोएडा के रहने वाले व्यक्ति के साथ हुई थी। एक व्यक्ति ने खुद को कंपनी का अधिकारी बताते हुए पीड़ित व्यक्ति को फोन किया और यूरो पहुंचाने के लिए कहा। कॉल करने वाले ने अपनी लाइव लोकेशन भी भेजी। मौके पर पहुंचने पर तीन लोगों ने यूरो लेकर पहुंचे व्यक्ति को कार में बैठा लिया। जिसके बाद आरोपी उसका बैग लूटकर फरार हो गए। इसके बाद पांडव नगर थाना पुलिस को इस मामले की सूचना दी गई।
(Report ANI)
यह भी पढ़ें:
दिल्ली सरकार की बड़ी कार्रवाई, पीतमपुरा-शालीमार बाग रोड को चौड़ा करने के लिए हटाया अवैध धार्मिक स्थल