1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. Greater Kailash Seat Election Results: ग्रेटर कैलाश सीट पर सौरभ भारद्वाज हारे, भाजपा की शिखा रॉय ने हराया

Greater Kailash Seat Election Results: ग्रेटर कैलाश सीट पर सौरभ भारद्वाज हारे, भाजपा की शिखा रॉय ने हराया

Greater Kailash Seat Results: दिल्ली विधानसभा चुनाव का रिजल्ट आज सामने आ रहा है। इस चुनाव की हॉट सीट ग्रेटर कैलाश विधानसभा सीट पर भाजपा की जीत हो गई है।

ग्रेटर कैलाश विधानसभा चुनाव रिजल्ट।- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV ग्रेटर कैलाश विधानसभा चुनाव रिजल्ट।

Greater Kailash Election Result Live: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के परिणाम आज शनिवार 8 फरवरी को सामने आ गए हैं। बता दें कि बीते 5 फरवरी की तारीख को दिल्ली की सभी 70 सीटों पर एक साथ एक ही चरण में वोटिंग हुई थी। इस चुनाव में ग्रेटर कैलाश सीट पर मुकाबला काफी दिलचस्प माना जा रहा था। इस सीट पर आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला था। बता दें कि दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज लगातार 3 बार से इस सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। हालांकि, इस सीट से आम आदमी पार्टी के सौरभ भारद्वाज चुनाव हार गए हैं।

क्या रहा परिणाम?

दिल्ली की ग्रेटर कैलाश विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी की शिखा रॉय ने चुनाव जीत लिया है। शिखा रॉय को 49594 वोट मिले और उन्होंने 3188 वोटों से चुनाव जीता। दूसरे नंबर पर सौरभ भारद्वाज रहे जिन्हें 46406 वोट मिले। वहीं, तीसरे नंबर पर कांग्रेस की गार्वित सिंघवी रहीं जिन्हें 6711 वोट मिले।

कौन-कौन था उम्मीदवार?

दिल्ली की ग्रेटर कैलाश विधानसभा सीट के त्रिकोणीय मुकाबले में AAP, भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने थे। आम आदमी पार्टी ने इस सीट से लगातार चौथी बार सौरभ भारद्वाज को उम्मीदवार बनाया था। भारतीय जनता पार्टी की ओर से शिखा रॉय उम्मीदवार थीं। वहीं, कांग्रेस ने गर्वित सिंघवी को अपना उम्मीदवार बनाया था।

क्या रहा था बीते चुनावों में परिणाम?

साल 2013 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में सौरभ भारद्वाज ने ग्रेटर कैलाश से भारतीय जनता पार्टी के अजय कुमार मल्होत्रा को 13,092 वोटों से हराया था। साल 2015 के विधानसभा चुनाव में सौरभ भारद्वाज ने भाजपा के राकेश कुमार गुलैया को 14,583 वोटों से हराया। वहीं, साल 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में सौरभ भारद्वाज ने ग्रेटर कैलाश सीट से भाजपा की शिखा रॉय को 16,809 वोटों से हराया था।