1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली बिल्डिंग हादसे वाली जगह पर पहुंचीं CM रेखा गुप्ता, पांचवीं मंजिल वाले भवनों को फौरन सील करने के निर्देश, जिम्मेदार अधिकारी नपेंगे

दिल्ली बिल्डिंग हादसे वाली जगह पर पहुंचीं CM रेखा गुप्ता, पांचवीं मंजिल वाले भवनों को फौरन सील करने के निर्देश, जिम्मेदार अधिकारी नपेंगे

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता सत्य निकेतन में हादसे वाली जगह पर हालात का जायजा लेने के लिए पहुंची। उन्होंने हादसे की वजह भी बताई और सख्त एक्शन लेने की बात भी कही।

Rekha Gupta- India TV Hindi
Image Source : ANI दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता

नई दिल्ली: दिल्ली के सत्य निकेतन में 5 मंजिला इमारत के भरभराकर गिरने की वजह से अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है और 12 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। इस मामले में अभी भी सर्च और रेस्क्यू अभियान चल रहा है।

सीएम रेखा गुप्ता ने घटनास्थल का मुआयना किया

सीएम रेखा गुप्ता ने आज सुबह घटनास्थल पर खुद पहुंचकर हालात का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए। सीएम रेखा ने एक बार फिर ये बात दोहराई कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। 

बिल्डिंग कैसे गिर गई?

सीएम रेखा गुप्ता ने मीडिया से बात करते समय बताया, "बिल्डिंग के मालिक की लापरवाही की वजह से ये घटना हुई है। यह बहुत पुरानी बिल्डिंग थी और बेसमेंट में पानी भरने की वजह से इसके पिलर गिर गए; पूरी इमारत ढह गई।"

गिरने वाली बिल्डिंग के बगल वाली बिल्डिंग गिराई जाएगी: रेखा

सीएम रेखा गुप्ता ने बताया, "इस बिल्डिंग के मामले में पहले ही कार्रवाई की जा चुकी है और मालिक के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके अलावा, आस-पास की दूसरी खतरनाक इमारतों की पहचान करके उन्हें गिराया जाएगा। खास तौर पर, हमने ठीक इसके पीछे वाली बिल्डिंग को खाली करवा लिया है और उसे तुरंत गिरा दिया जाएगा।"

रेखा गुप्ता ने कहा, "सरकार, म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के साथ मिलकर एक ऐसी पॉलिसी बना रही है जिसके तहत पब्लिक इस्तेमाल वाली किसी भी इमारत—चाहे वह PG हो, नर्सिंग होम हो, स्कूल हो या कोई और सुविधा का समय-समय पर स्ट्रक्चरल ऑडिट और सेफ्टी सर्टिफिकेशन होना जरूरी होगा; वरना, वहां कोई भी पब्लिक गतिविधि करने की इजाजत नहीं होगी।"

उन्होंने कहा, "हम किसी को भी असुरक्षित PG में रहने नहीं देंगे। इमारत से निकाले गए लोगों के लिए कॉलेज हॉस्टल में रहने का इंतजाम किया गया है और सरकार उनकी जरूरतों का ध्यान रख रही है। हम इस घटना से प्रभावित छात्रों के माता-पिता के संपर्क में हैं और उनकी परेशानी कम करने के लिए उन्हें पूरी मदद दे रहे हैं। जिन सरकारी अधिकारियों की देखरेख में कमी, लापरवाही या दूसरी गलतियों की वजह से यह स्थिति बनी, उनके खिलाफ़ आज ही सख़्त कार्रवाई की जाएगी; किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।"

सत्य निकेतन हादसे के बाद CM रेखा गुप्ता ने लिए सख्त एक्शन

सीएम रेखा गुप्ता ने आज सुबह दोबारा घटनास्थल का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था एवं चल रही कार्रवाई की समीक्षा की। इस दौरान सख्त एक्शन भी लिए गए।

  • भवन मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज
  • जिम्मेदार पाए जाने वाले एमसीडी अधिकारियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
  • दिल्ली में पांचवीं मंजिल वाले भवनों को तत्काल सील करने के निर्देश
  • आसपास के पीजी एवं भवनों की भी सघन जांच, नियमों का उल्लंघन मिलने पर होगी सीलिंग

ये भी पढ़ें-

दिल्ली के सत्य निकेतन में हुए बिल्डिंग हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 6 हुई, घटना का CCTV भी सामने आया