नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में बारिश से तापमान में भारी गिरावट आई है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। तीन साल बाद अप्रैल महीना इतना ठंडा है। मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी में पिछले तीन सालों में अप्रैल का सबसे ठंडा दिन मंगलवार को दर्ज किया गया। पश्चिमी विक्षोभ के असर से पूरे दिन हल्की बारिश और बादल छाए रहने से दिल्ली-NCR में मौसम ठंडा रहा।
मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 28.8°C रहा, जो सामान्य से छह डिग्री कम है और 30 अप्रैल, 2023 को दर्ज 28.7°C के बाद से सबसे कम है। न्यूनतम तापमान 20.1°C रहा, जो सामान्य के आस-पास है।
दिल्ली-एनसीआर में आज भी बारिश के आसार
मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है। दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को मौसम सुहावना बना रहेगा। आकाश में बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ आज भी हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार हवाएं चल सकती हैं। बारिश की वजह से अधिकतम तापमान में और गिरावट आने की उम्मीद है।
दिल्ली में गुरुवार को कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को बारिश की कोई संभावना नहीं है। आसमान साफ़ रहेगा। 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। गुरुवार को अधिकतम तापमान 30 से 32°C के बीच रहने की संभावना है, और न्यूनतम तापमान 16 से 18°C के बीच रहने की उम्मीद है।
बता दें कि दिल्ली के लोगों को मंगलवार रात आंधी और गरज के साथ तेज बारिश का सामना करना पड़ा, जिसके बाद मौसम विभाग ने 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया। विभाग के अनुसार, दिल्ली में दिन भर रुक-रुककर बारिश होती रही। सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे के बीच सफदरजंग और लोधी रोड में 3-3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। पालम और रिज में 2.1 मिलीमीटर और आयानगर में दो मिलीमीटर बारिश हुई। IMD ने यह भी बताया कि मंगलवार को दोपहर करीब 1:30 बजे पालम में हवा की सबसे तेज़ गति 56 प्रति घंटे दर्ज की गई।