1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. IMD Weather Update: दिल्ली में गरज के साथ बारिश के आसार, अगले 5 दिनों के लिए मौसम विभाग का अलर्ट जारी

IMD Weather Update: दिल्ली में गरज के साथ बारिश के आसार, अगले 5 दिनों के लिए मौसम विभाग का अलर्ट जारी

IMD Weather Update: दिल्ली में आज सुबह हल्की बारिश हुई, जिससे शहर का तापमान गिर गया है। मौसम विभाग ने आज के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें गरज के साथ बारिश का अनुमान जताया गया है।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE प्रतीकात्मक फोटो

IMD Weather Update: देश की राजधानी दिल्ली में कुछ दिनों से मौसम का मिजाज बदल गया है। राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह हल्की बारिश हुई, जिससे शहर का तापमान गिर गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें गरज के साथ बारिश का अनुमान जताया गया है।

न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रह सकता है 

इस मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, बारिश के कारण न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम है। मौसम विभाग का कहना है कि आज अधिकतम तापमान लगभग 35 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रह सकता है। सुबह 8:30 बजे आर्द्रता का स्तर 80 प्रतिशत दर्ज किया गया, जिससे मौसम अधिक नम और उमस भरा प्रतीत हो रहा है। इसके साथ ही, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी AQI 95 पर पहुंचा है, जो केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है।

अगले पांच दिनों तक कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, 31 मई तक लगातार दिल्ली में गरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 से 27 डिग्री के बीच रह सकता है।

मॉनसून ने दी दस्तक, मुंबई में बारिश से बुरा हाल

बता दें कि इस साल केरल में मॉनसून ने समय से पहले ही दस्तक दे दी है। इसके बाद देश भर में आज बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। महाराष्ट्र के कई जिलों में भी मॉनसून का असर देखने को मिल रहा है। मुंबई में अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने मुंबई और आस-पास के इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मुंबई, ठाणे और पालघर जैसे तटीय जिलों के लिए चेतावनी जारी की गई है, जहां पर समुद्री हवाओं के तेज बहाव और बिजली गिरने जैसी घटनाओं की आशंका बनी हुई है, जिसके लिए स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

ये भी पढ़ें- 

मुंबई में बारिश ने मचाई तबाही, 3100 लोगों सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने के निर्देश; जानें मौसम अपडेट

केरल में बारिश को लेकर अलर्ट, दिल्ली-NCR में गिरा तापमान; जानें अन्य राज्यों के मौसम का हाल