नई दिल्ली: दिल्ली मेट्रो में CISF की बड़ी कार्रवाई सामने आई है और सीआईएसएफ ने भागने की कोशिश कर रहे संदिग्ध यात्री को पकड़ा है। दरअसल जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर बैगेज चेकिंग के दौरान एक्स-रे मशीन में संदिग्ध घनी वस्तु दिखी थी। जांच के दौरान यात्री ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद CISF जवानों ने पीछा कर उसे एग्जिट गेट के पास पकड़ा।
यात्री के अंडरगारमेंट के सिले हुए हिस्से में संदिग्ध पदार्थ मिला है। यात्री ने खुद को कुआलालंपुर में रहने वाला NRI बताया। CISF ने यात्री और उसके सामान को आगे की जांच के लिए पुलिस के हवाले किया। पुलिस मामले की जांच में जुटी, बरामद पदार्थ की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
CISF ने क्या बताया?
सीआईएसएफ ने अपने एक्स हैंडल पर इस मामले से जुड़ी जानकारी शेयर की। सीआईएसएफ ने बताया, "DMRC के जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर तैनात CISF के सतर्क जवानों ने तब तुरंत कार्रवाई की, जब सामान की जांच के दौरान XBIS स्क्रीन पर एक संदिग्ध और सघन वस्तु दिखाई दी और एक यात्री वहां से भागने की कोशिश करने लगा। अपनी तत्परता और बेहतरीन तालमेल का परिचय देते हुए, CISF के जवानों ने तुरंत भाग रहे यात्री का पीछा किया और उसे एग्जिट गेट के पास पकड़ लिया। उसके सामान की और जांच करने पर, उसके अंडरगारमेंट के सिले हुए हिस्से में छिपाकर रखा गया एक अज्ञात पदार्थ मिला। खुद को कुआलालंपुर में रहने वाला NRI बताने वाले इस यात्री को, उसके सामान के साथ, आगे की जांच के लिए पुलिस को सौंप दिया गया। CISF जवानों की यह त्वरित कार्रवाई और सतर्कता, मेट्रो सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रति उनकी तत्परता और प्रतिबद्धता को दर्शाती है।"
बता दें कि दिल्ली मेट्रो को दिल्ली की लाइफलाइन कहा जाता है। इसके जरिए लाखों लोग अपनी मंजिल पर पहुंचते हैं और ये बिना रुके यात्रियों को आरामदायक और सस्ती यात्रा उपलब्ध करवाती है। ऐसे में दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा व्यवस्था भी सख्त रहती है और कोई भी संदिग्ध गतिविधि होते ही सुरक्षाबल अलर्ट मोड में आ जाते हैं। यही कारण है कि आज जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर सीआईएसएफ ने पूरी अलर्टनेस के साथ भागने वाले संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा और जांच में पाया कि उसके पास से संदिग्ध पदार्थ मिला है।
इससे पहले दिल्ली मेट्रो में एक शख्स महिलाओं के कोच में घुस गया था और बहस करने लगा था। इसका वीडियो वायरल हुआ था।
ये भी पढ़ें-
जब ब्रिटिश टूरिस्ट को दिल्ली मेट्रो स्टेशन के अंदर मिला हॉस्टल, ₹400 खर्च कर मिला ऐसा एक्सपीरिएंस; रिएक्शन वायरल