1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. जनता के लिए राहत की बात! प्याज और चीनी की बढ़ती कीमत को लेकर दिल्ली सरकार ने ले लिया बड़ा फैसला

जनता के लिए राहत की बात! प्याज और चीनी की बढ़ती कीमत को लेकर दिल्ली सरकार ने ले लिया बड़ा फैसला

प्याज और चीनी की बढ़ती कीमत को लेकर दिल्ली सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। इस पर मनजिंदर सिंह सिरसा का बयान भी सामने आया है। सिरसा ने कहा है कि दिल्ली की जनता पर महंगाई का बोझ नहीं पड़ने देंगे।

onion and sugar- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV दिल्ली सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया

नई दिल्ली: प्याज और चीनी की बढ़ती कीमत को देखते हुए दिल्ली सरकार ने बड़ा फैसला किया है। दिल्ली की जनता पर महंगाई का बोझ नहीं पड़े इसलिए दिल्ली सरकार नेफेड से प्याज और चीनी खरीदकर दिल्ली में बेचेगी।

दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा का सामने आया बयान

इस मामले में दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा का बयान भी सामने आया है। सिरसा ने कहा, "दिल्ली सरकार ने अभी प्याज और चीनी को लेकर मीटिंग की है। हमने तय किया है कि नेफेड से प्याज खरीदकर उसे बेचेंगे। जिस रेट पर हमें नेफेड से प्याज मिलेगा उसी रेट में बेचेंगे। इसी तरह से चीनी को लेकर भी सरकार किसी भी तरह की होर्डिंग नहीं होने देगी। सरकार अलग-अलग टीम बनाकर जांच भी कराएगी। साथ ही नेफेड से चीनी खरीदकर बेचेगी। दिल्ली की जनता पर महंगाई का बोझ नहीं पड़ने देंगे।"

दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, "प्याज की बढ़ती कीमतों के मुद्दे पर मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में एक खास बैठक हुई। इसमें तय किया गया कि दिल्ली सरकार केंद्र सरकार और नेशनल एग्रीकल्चरल कोऑपरेटिव मार्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (NAFED) से बात करेगी और अगर कीमतें और बढ़ती हैं, तो यह पक्का करेगी कि इसका बोझ दिल्ली की जनता पर न पड़े। यही बात चीनी पर भी लागू होती है। भारत सरकार ने जमाखोरी रोकने के लिए चीनी को लेकर एक खास आदेश जारी किया है... जहां तक ​​हमें पता है, NAFED ने शायद 30 या 35 रुपये के आसपास की कीमत तय की है। सरकार इस पर भी काम कर रही है। हम इसे जिस भी कीमत पर खरीदेंगे, उसी कीमत पर बेचेंगे। ट्रांसपोर्ट का सारा खर्च सरकार उठाएगी। सरकार किसी भी हाल में दिल्ली की जनता पर 1 रुपये का भी अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ने देगी।"

क्या है नेफेड, जिससे दिल्ली सरकार प्याज और चीनी खरीदेगी?

नेफेड (NAFED) से आशय भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ मर्यादित यानी National Agricultural Cooperative Marketing Federation of India Ltd से है। यह भारत की एक प्रमुख शीर्ष सहकारी संस्था है, जो कृषि उत्पादों के विपणन, खरीद, भंडारण, प्रसंस्करण और वितरण से जुड़े मामले देखती है। इसका मुख्यालय नई दिल्ली में है। 

इससे पहले ये खबर सामने आई थी कि सबसे बड़ी मंडी में 15% प्याज के दाम बढ़ गए हैं। आज 800 मीट्रिक टन प्याज लेकर कांदा एक्सप्रेस दिल्ली पहुंचेगी

ये भी पढ़ें-

आंखों में आंसू ला रहा प्याज, अचानक कीमतों ने क्यों पकड़ी रफ्तार, कबतक घटेंगे दाम?