दिल्ली में विधानसभा चुनाव अगले साल फरवरी के महीने में होने हैं, लेकिन आम आदमी पार्टी अभी से चुनावी मोड में आ गई है। अरविंद केजरीवाल लोगों के बीच जाकर प्रचार कर रहे हैं। पार्टी का जनाधार बढ़ा रहे हैं और कई बड़े नेताओं को पार्टी में शामिल भी करा रहे हैं। इस बीच आम आदमी पार्टी ने महिला सम्मान योजना के जरिए महिला वोटर्स को समेटने की योजना बनाई है। दिल्ली में यह योजना लागू हो चुकी है और हर महीने महिलाओं को एक हजार रुपये मिलेंगे। केजरीवाल ने कहा है कि सत्ता में आने पर इसकी राशि बढ़ाकर 2100 रुपये कर दी जाएगी।
महिला सम्मान योजना या लाडली बहन योजना की तर्ज पर लगभग हर राज्य में योजनाएं शुरू हो रही हैं। मध्य प्रदेश से इसकी शुरुआत हुई और बीजेपी सत्ता में वापसी करने में सफल रही। इसके बाद महाराष्ट्र में महायुति और झारखंड में हेमंत सोरेन भी ऐसी ही योजनाओं की मदद से चुनाव जीतने में सफल रहे हैं। इसी वजह से आम आदमी पार्टी भी ऐसी ही योजना लेकर आई है। ऐसे में हमने इंडिया टीवी पोल में लोगों से पूछा कि क्या अरविंद केजरीवाल की महिला सम्मान योजना आम आदमी पार्टी को फायदा पहुंचाएगी?
महिला सम्मान योजना आम आदमी पार्टी को फायदा पहुंचाएगी?
इंडिया टीवी पोल में लोगों के सामने ‘हां’, ‘नहीं’ और ‘कह नहीं सकते’ के रूप में तीन विकल्प रखे। इस पोल पर कुल 1877 लोगों ने अपना मत दिया और उनमें से 30 फीसदी लोगों का मानना था कि आम आदमी पार्टी को दिल्ली विधानसभा चुनाव में महिला सम्मान योजना का फायदा मिलेगा। पोल में हिस्सा लेने वाले 65 फीसदी लोगों ने कहा कि आम आदमी पार्टी को विधानसभा चुनाव में इस योजना का कोई फायदा नहीं होगा। बाकी के 5 फीसदी लोगों ने ‘कह नहीं सकते’ का विकल्प चुना। इस तरह देखा जाए तो एक बड़ी संख्या में लोगों का मानना है कि अरविंद केजरीवाल की महिला सम्मान योजना आम आदमी पार्टी को दिल्ली विधानसभा चुनाव में कोई फायदा नहीं पहुंचाएगी।
Image Source : India TVइंडिया टीवी पोल रिजल्ट
तीसरी बार सत्ता में आ सकती है आम आदमी पार्टी
आम आदमी पार्टी लगातार तीसरी बार दिल्ली में सरकार बना सकती है। इससे पहले आप ने कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार बनाई थी, लेकिन वह सरकार ज्यादा दिन नहीं टिकी थी। इसके बाद अरविंद केजरीवाल की पार्टी दिल्ली में लगातार राज कर रही है। अब उनकी कोशिश तीसरी बार दिल्ली की सत्ता में आने की है। केजरीवाल पर हमेशा से ही मुफ्त में चीजें देने का वादा करके चुनाव जीतने के आरोप लगते रहे हैं। ऐसे में उन्होंने इस योजना को नौवीं रेवड़ी कहा है। हालांकि, इंडिया टीवी पोल में शामिल लोगों का मानना है कि यह रेवड़ी आम आदमी पार्टी के काम नहीं आएगी।