A
Hindi News दिल्ली दिल्ली: बाइक के साथ गड्ढे में गिरे युवक की कैसे गई जान? पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

दिल्ली: बाइक के साथ गड्ढे में गिरे युवक की कैसे गई जान? पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

दिल्ली के जनकपुरी इलाके में सड़क के बीच खुदे गड्ढे में गिरने से युवक की जान चली गई थी। लोगों ने सरकार के प्रति नाराजागी भी जाहिर की। दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारी और पुलिस की टीम पर लापरवाही के आरोप लगे हैं।

गड्ढे में गिरने से बाइक सवार युवक की गई जान- India TV Hindi Image Source : REPORTER INPUT गड्ढे में गिरने से बाइक सवार युवक की गई जान

दिल्ली के जनकपुरी में गड्ढे में गिरने से हुई युवक की मौत के मामले में पोस्टमार्टम की शुरुआती रिपोर्ट आ गई है। सूत्रों के मुताबिक, कमल के गड्ढे में गिरने से उसके मुंह और नाक में मिट्टी भर गई थी। जिसके कारण उसका दम घुट गया। 

कमर पर गिरी थी बाइक

इस पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाले तथ्य भी सामने आए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, कमल की मौत का कारण ट्रॉमैटिक एस्फिक्सिया और दम घुटना पाया गया है। कमल का मुंह गड्ढे में गिरने के बाद मिट्टी में फंस गया था। साथ ही कमर पर गिरी बाइक के वजन के चलते उसे सांस लेने में परेशानी हो रही थी। 

दाहिने जांघ पर जले का निशान

रिपोर्ट के अनुसार मृतक के सीने पर किसी बाइक के दबाव के कारण सांस लेने में परेशानी हुई। मुंह और नाक में गीली मिट्टी भर जाने से भी सांस लेने में दिक्कत हुई। सूत्रों के मुताबिक, कमल के दाहिने जांघ पर जलने का निशान मिला है जो बाइक के साइलेंसर के कारण जला हो सकता है।

15 फुट गहरे गड्ढे में गिरा युवक

25 वर्षीय बाइकर कमल ध्यानी की शुक्रवार (6 फरवरी)  सुबह जनकपुरी इलाके में निर्माण कार्य के लिए दिल्ली जल बोर्ड द्वारा खोदे गए गड्ढे में गिरने से मौत हुई थी। कैलाशपुरी निवासी और एक निजी बैंक के कर्मचारी कमल ध्यानी घर लौट रहे थे, तभी वह दिल्ली जल बोर्ड की सीवर पाइपलाइन पुनर्वास परियोजना के लिए खोदे गए लगभग 15 फुट गहरे गड्ढे में गिर गए।

परिजनों ने कई जगहों पर की तलाश

पुलिस ने बताया कि पीड़ित के परिवार ने शुरू में कई अस्पतालों में उसकी तलाश की लेकिन उन्हें किसी भी दुर्घटना के मामले का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला। मोबाइल फोन की लोकेशन के आधार पर परिवार और पुलिसकर्मियों ने जनकपुरी इलाके में कई घंटों तक खोजबीन की। इसके बाद आखिरकार शव मिला। 

परिजनों का आरोप, पुलिस ने बरती लापरवाही

परिवार का कहना है कि उन्हें इंतजार कराया गया और कोई ठोस जानकारी नहीं दी गई, क्योंकि पुलिस ने कहा कि गुमशुदा व्यक्ति की रिपोर्ट 24 घंटे बाद ही दर्ज की जाएगी। पुलिस ने किसी भी तरह की लापरवाही से इनकार किया है।