नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में हाई कोर्ट से लेकर, स्कूल, अस्पताल और कई महत्वपूर्ण ठिकानों को लेकर बम की धमकी देने वाला शख्स आखिरकार दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़ गया है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
कहां का रहने वाला है शख्स?
करीब 1100 से ज्यादा बम की कॉल और मेल भेजने वाला शख्स कर्नाटक का रहने वाला है। आरोपी श्रीनिवास लुईस को दिल्ली पुलिस ने कर्नाटक से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अपनी मां के साथ एक किराए के मकान में रह रहा था। उसने पिछले कुछ महीनों में एक के बाद एक सैंकड़ों कॉल और मेल की, जिसमें कहा गया कि महत्वपूर्ण ठिकानों को बम से उड़ा दिया जाएगा।
कुछ समय पहले ऐसी ही कॉल दिल्ली हाई कोर्ट को लेकर भी की गई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और जांच शुरू की। गहन जांच के बाद मामला कर्नाटक के रहने वाले श्रीनिवास से जुड़ा मिला। पुलिस श्रीनिवास को लेकर दिल्ली आ रही है और उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी कि उसने और कहां-कहां किस-किस शहर में इस तरह की कॉल की है।
गौरतलब है कि दिल्ली समेत तमाम जगहों पर अक्सर फेक बम की धमकियां मिल चुकी हैं, जिसका असर संबंधित जगह की कार्यप्रणाली पर पड़ता है। हालही में दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी लेकिन बाद में कुछ भी नहीं हुआ था।
इस तरह के मामलों की संख्या देशभर में बढ़ती जा रही है, फिर चाहें वो स्कूल, कॉलेज हों या हॉस्पिटल या फिर एयरपोर्ट। इस तरह की धमकी के बाद जांच एजेंसियों की भी सिरदर्दी बढ़ जाती है और उन्हें अतिरिक्त मेहनत भी करनी पड़ती है, जबकि इन फेक धमकियों का कोई तुक भी नहीं होता है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जरूरत है, जो जनता में डर और भ्रम फैलाते हैं और सुरक्षाबलों को भी परेशान करते हैं।