1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. VIDEO: माया गैंग का 'माया भाई' मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया, 'मौत' का टैटू थी पहचान

VIDEO: माया गैंग का 'माया भाई' मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया, 'मौत' का टैटू थी पहचान

माया गैंग का सरगना सागर उर्फ माया को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली माया के दाहिने पैर में लगी।

माया गैंग का सरगना मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार- India TV Hindi
Image Source : REPORT माया गैंग का सरगना मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

साउथ-ईस्ट दिल्ली के सरिता विहार फ्लाईओवर पर पुलिस और माया गैंग के सरगना सागर उर्फ माया के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें माया को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली माया के दाहिने पैर में लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने की जवाबी फायरिंग

यह मुठभेड़ 22-23 सितंबर की रात करीब 11:45 बजे सरिता विहार फ्लाईओवर पर हुई। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर स्कूटी से जा रहे सागर उर्फ माया को रोकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही माया ने अपनी स्कूटी की स्पीड बढ़ा दी और भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस के पीछा करने पर माया ने दो राउंड फायर किए, जिसके जवाब में पुलिस ने भी दो राउंड फायर किए। एक गोली माया के पैर में लगी और वह घायल हो गया।

पुलिस ने माया के पास से एक .32 बोर की सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, तीन खाली कारतूस और एक एन-टॉर्क स्कूटी बरामद की है। माया पर पहले से ही लूट, स्नैचिंग, और पुलिस पर हमले सहित कई संगीन मामले दर्ज हैं।

Image Source : Reportपहचान के लिए हाथों पर 'मौत' का टैटू गुदवाया था।

हाथों पर 'मौत' का टैटू

पुलिस के मुताबिक, 23 साल का सागर उर्फ माया बॉलीवुड फिल्म 'शूटआउट एट लोखंडवाला' में विवेक ओबेरॉय के 'माया भाई' के किरदार से प्रभावित था। उसने अपने गैंग का नाम भी 'माया गैंग' रखा हुआ था। गैंग के सदस्यों ने पहचान के तौर पर अपने हाथों पर 'मौत' का टैटू भी गुदवा रखा था।

इंस्टाग्राम पर हथियारों के साथ रील डालकर युवाओं को गैंग में भर्ती करके बड़ा गैंग बनाना इसका सपना था। फिलहाल, पुलिस माया से पूछताछ कर रही है और उसके बाकी साथियों की तलाश भी जारी है।

ये भी पढ़ें-

'टीचर्स डे' मनाने गई बच्ची, स्कूल ने परिवार से कहा- बेहोश हो गई; अस्पताल के डॉक्टरों ने कहा- मृतावस्था में आई

शशि थरूर बोले- ट्रंप के झटके भारत-अमेरिका के संबंध तोड़ नहीं पाएंगे