1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में मॉक ड्रिल, 55 जगहों पर ब्लैकआउट, सायरन बजने के बाद लोगों को निकाला गया बाहर-VIDEO

दिल्ली में मॉक ड्रिल, 55 जगहों पर ब्लैकआउट, सायरन बजने के बाद लोगों को निकाला गया बाहर-VIDEO

दिल्ली के 55 जगहों पर आज शाम मॉक ड्रिल की गई। कुछ देर के लिए ब्लैकआउट भी किया गया। दिल्ली में मॉक ड्रिल को लेकर बजे सायरन से लोग भागते हुए नजर आए।

दिल्ली में ब्लैकआउट- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV दिल्ली में ब्लैकआउट

भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर पाकिस्तान से पहलगाम आतंकी हमले का बदला ले लिया है। दोनों देशों के तनाव के बीच आज मॉक ड्रिल की जा रही है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई लोकेशन में आज शाम मॉक ड्रिल की गई। दिल्ली में मॉक ड्रिल के बाद ब्लैकआउट भी किया गया। दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल 3 पर व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। गृह मंत्रालय ने आज देशभर में मॉक ड्रिल का आदेश दिया है।

सायरन की आवाज सुन घरों से भागे लोग

बुधवार को 55 स्थानों पर सुरक्षा ‘मॉक ड्रिल’ (सुरक्षा अभ्यास) की गई और इस दौरान तेज आवाज में बजते सायरन, सुरक्षित स्थानों की ओर भागते लोग, स्ट्रेचर पर घायल लोगों को ले जाये जाने जैसे कुछ दृश्य दिखे। राष्ट्रव्यापी 'ऑपरेशन अभ्यास' के तहत हवाई हमलों, एक साथ कई स्थानों पर आग लगने की घटनाओं और खोज व बचाव अभियान जैसे विभिन्न परिदृश्यों का किस तरह सामना करना है, इसको दर्शाते हुए ‘मॉक ड्रिल’ की गईं। 

दिल्ली के 11 जिलों की 5 लोकेशन पर मॉक ड्रिल

दिल्ली के सभी 11 जिलों में 5-5 लोकेशन पर मॉक ड्रिल हुई है। दिल्ली में कुल 55 जगहों पर ब्लैकआउट किया गया। पहले से ही तय किया गया था कि ब्लैकआउट में इमरजेंसी की सेवाएं प्रभावित ना हो,  इस तरह से ब्लैकआउट किया जाय। साथ ही बहुत बड़े लेवल पर ब्लैकआउट ना करने का फैसला लिया गया है।

इस तरह से रहा मॉक ड्रिल का सिक्वेंस

  • खान मार्केट में एयर स्ट्राइक को लेकर के सबसे पहले सायरन बजेगा, ये लोगों को सतर्क करने के लिए होगा।
  • सायरन बजाने के साथ सबको शेल्टर लेना होगा, दुकान के अंदर आसपास कहीं भी जगह मिले छिपना होगा।
  • शेल्टर लेने के लिए कुछ लोगों को फौरन खान मार्केट मेट्रो स्टेशन के बेसमेंट में ले जाया जाएगा, वहां पर वह छिपेंगे। कुछ लोग आसपास के दुकानों में छिपेंगे।

सायरन बजने का मतलब रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू

इसके बाद एक लंबा सायरन बजेगा। इसका मतलब यह होगा कि अब रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। इसके तुरंत बाद सिविल डिफेंस, पुलिस, गार्ड जो लोग भी रहेंगे वह घायलों को उठाएंगे सीधे पास में जो फर्स्ट एड है पहले वहां ले जाएंगे। 

घायलों को लिए बनाया गया ग्रीन कॉरिडोर

पुलिस ग्रीन कॉरिडोर बनाएगी। गंभीर रूप से घायल लोगों को तुरंत आरएमएल अस्पताल लेकर जाया जाएगा। इस ड्रिल में दिल्ली पुलिस, पैरा मिलिट्री फोर्स के अलावा सिविल डिफेंस, NDRF, दिल्ली फायर सर्विस एम्बुलेंस और एडमिनिस्ट्रेशन के लोग शामिल रहेंगे।