1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. आर्थिक तंगी से परेशान महिला ने बेटियों के साथ की आत्महत्या, पुलिस की जांच में सामने आई ट्रिपल अफेयर और मर्डर की फिल्मी कहानी

आर्थिक तंगी से परेशान महिला ने बेटियों के साथ की आत्महत्या, पुलिस की जांच में सामने आई ट्रिपल अफेयर और मर्डर की फिल्मी कहानी

पूजा की शादी संतोष से हुई थी, जिससे उसे एक बेटी और एक बेटा अंजलि और विशाल सिंह है। संतोष ने उसे करीब 22-25 साल पहले छोड़ दिया था। इसके बाद ऋषिपाल के साथ उसका अफेयर रहा, जिसकी हत्या उसने तीसरे प्रेमी अकील के साथ मिलकर की थी।

Representative Image- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO प्रतीकात्मक तस्वीर

दिल्ली के मोलरबंद में महिला और उसकी दो बेटियों की आत्महत्या को लेकर पुलिस ने हैरान करने वाला खुलासा किया है। शुरुआत में ऐसा लग रहा था कि महिला ने आर्थिक तंगी के चलते आत्महत्या की है, लेकिन असली कहानी इससे कहीं बड़ी है। महिला के आत्महत्या करने की वजह पैसों की कमी ही थी, लेकिन इससे पहले उसके तीन अफेयर और एक मर्डर के चलते वह इस हालत में पहुंची थी।

पुलिस ने बुधवार के दिन बिहार की रहने वाली 42 वर्षीय पूजा और उसकी दो बेटियों का शव दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के मोलरबंद स्थित मकान से बरामद किया था। उनके मुंह में झाग के अवशेष मिले थे और उनके शव सड़ रहे थे। पुलिस की शुरुआती जांच में पूजा का अतीत सामने आया है। 

पूजा के तीसरे अफेयर ने बढ़ाई परेशानी

पुलिस के मुताबिक, पूजा की शादी संतोष से हुई थी, जिससे उसे एक बेटी और एक बेटा अंजलि और विशाल सिंह है। संतोष ने उसे करीब 22-25 साल पहले छोड़ दिया था। संतोष के चले जाने के बाद वह प्रहलादपुर इलाके में ऋषिपाल शर्मा नाम के शख्स के साथ रहने लगी। जल्द ही पूजा ने उत्तर प्रदेश के रामपुर के रहने वाले अकील नाम के एक शख्स से मिलना-जुलना शुरू कर दिया। पूजा ने अपने तीसरे प्रेमी अकील के साथ मिलकर ऋषिपाल की हत्या करने की योजना बनाई। पूजा ने अपने बेटे विशाल सिंह और एक अन्य व्यक्ति मेहंदी हसन को भी इस काम में शामिल कर लिया।

ऋषिपाल की हत्या के लिए जेल गई

पुलिस ने बताया कि 10 मई 2022 को जब ऋषिपाल नोएडा से पुल प्रहलादपुर स्थित अपने घर लौट रहा था, तो उस पर गोली चलाई गई। गोली लगने से घायल हुए ऋषिपाल की 15 मई को मौत हो गई। आत्महत्या की जांच कर रहे अधिकारी ने बताया, "ऋषिपाल की हत्या का मकसद उसकी संपत्ति हड़पना और उससे छुटकारा पाना था, क्योंकि पूजा अब अकील के साथ रिश्ते में थी।"

अकील की मौत से बढ़ी परेशानी

पुलिस के मुताबिक, अकील और पूजा हाल ही में जमानत पर बाहर आए हैं, जबकि विशाल सिंह अभी भी जेल में है। अकील और पूजा ने दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में एक घर किराए पर लेकर फिर से अपना जीवन शुरू किया और पूजा की दो बेटियों शिजल (8 साल की जिसे गोद लिया गया था) और अंजलि (18 साल की) के साथ रहने लगे। हालांकि, पिछले महीने हालात और भी खराब हो गए, जब अकील अपने पैतृक स्थान चला गया और 13 फरवरी को वहीं उसकी मौत हो गई। 

बेटे की जमानत के लिए पायल बेची

पूजा और उसकी दोनों बेटियों के भरण पोषण का एकमात्र सहारा अकील था। उसकी मौत होने के बाद पूजा के परिवार की परेशानियां बढ़ती चली गईं। पूजा पर कर्ज का बोझ बढ़ गया और साथ ही उसे जेल में बंद अपने बेटे की चिंता भी सताने लगी। पुलिस ने बताया कि उसने अपने बेटे की रिहाई के लिए इलाहाबाद उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। इसके लिए उसने अपनी पायल बेच दी या गिरवी रख दी, लेकिन सब व्यर्थ रहा। 

जहर खाकर की आत्महत्या

पुलिस ने पूजा की मां निर्मला और बहनों आरती और शिवानी से पूछताछ कर तथ्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, उसकी छोटी बेटी का शव बिस्तर पर पड़ा मिला, जिस पर कुछ सफेद पाउडर और एक काली पॉलीथीन भी थी। पूजा और अंजलि के शव फर्श पर पड़े थे। पुलिस ने कहा, "रसोई में भी स्टील के गिलास में सूखी अवस्था में वही सफेद पदार्थ मिला।" (इनपुट- पीटीआई)