A
  1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. नकली बंदूकें लेकर डाका डालने गए थे 4 लोग, दरवाजा खुलवाकर घर में घुसते ही हुआ कुछ ऐसा

नकली बंदूकें लेकर डाका डालने गए थे 4 लोग, दरवाजा खुलवाकर घर में घुसते ही हुआ कुछ ऐसा

दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में 4 लोगों ने नकली बंदूकों और चाकू के सहारे घर में डकैती की कोशिश की, लेकिन महिला के शोर मचाने पर पड़ोसी जुट गए और पुलिस ने चारों आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपियों के पास से नकली हथियार और बैग बरामद हुए।

Delhi robbery attempt, Turkman Gate incident- India TV Hindi
Image Source : PIXABAY REPRESENTATIONAL पुलिस ने चारों आरोपियों के पकड़ लिया है।

नई दिल्ली: पुरानी दिल्ली में डकैती की कोशिश का एक ऐसा मामला सामने आया है कि आप हैरान हो जाएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुरानी दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में 4 लोगों को एक दंपती से लूट की कोशिश करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। कमाल की बात ये है कि आरोपी नकली बंदूकों और चाकू का इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस ने शनिवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद शहजान, गौरव कुमार, चौधरी प्रशांत सिंह और अब्दुल समद के रूप में हुई है।

टीवी देखते वक्त बजी थी घर की डोरबेल

घटना के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि लुटेरों का निशाना अलाउद्दीन था, जो शहजान का मामा लगता है। उसने बताया कि समद नोएडा में ऑटो मैकेनिक का काम करता है, जबकि प्रशांत और गौरव ऑटो ड्राइवर हैं। पुलिस ने बताया कि प्रशांत और गौरव समद की वर्कशॉप पर अक्सर आते-जाते रहते हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, घटना शुक्रवार रात करीब 11:45 बजे की है। उस वक्त अल्लाउद्दीन और उनकी पत्नी नूर जहां घर में टीवी देख रहे थे, तभी डोरबेल बजी।

अलाउद्दीन की बहू ने मचा दिया था शोर

पुलिस ने बताया कि जैसे ही अल्लाउद्दीन ने दरवाजा खोला, 4 लोग मुंह ढककर घर में घुस आए और पिस्तौल व चाकू दिखाकर दंपती को धमकाने लगे। अल्लाउद्दीन की बहू नमिरा ने लुटेरों को देख लिया और शोर मचा दिया। नमिरा के शोर को सुनकर घर के बाहर भीड़ जमा हो गई और किसी ने पुलिस को फोन कर दिया। इससे चारों लुटेरे पकड़े गए। तलाशी लेने पर पुलिस को प्रशांत सिंह और गौरव कुमार के पास से 2 नकली बंदूकें मिलीं। वहीं, शहजान के पास से एक बड़ा चाकू, जबकि अब्दुल समद के पास से 4 रोल सेलोटेप और 3 खाली बैग बरामद हुए।