A
  1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. पिटबुल का खूनी हमला... गली में खेल रहे बच्चे का कान फाड़ दिया; CCTV में कैद हुई बर्बरता

पिटबुल का खूनी हमला... गली में खेल रहे बच्चे का कान फाड़ दिया; CCTV में कैद हुई बर्बरता

पिटबुल कुत्ते ने गली में खेल रहे एक बच्चे पर जानलेवा हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्चे के सिर को दबोच लिया और उसका कान फाड़ दिया। यह भयावह घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

पिटबुल ने बच्चे पर किया हमला- India TV Hindi
Image Source : REPORTER पिटबुल ने बच्चे पर किया हमला

नई दिल्ली: उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के प्रेम नगर इलाके में रविवार को रूह कंपाने वाली घटना सामने आई है। एक पिटबुल कुत्ते ने गली में खेल रहे 6 वर्षीय मासूम बच्चे पर जानलेवा हमला कर दिया। कुत्ते ने क्रूरता की हद पार करते हुए बच्चे पर झपट्टा मारते हुए उसके सिर में अपने दांत गड़ा दिए और उसका एक कान नोंच कर फाड़ दिया। यह भयावह घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

कैमरे में कैद हुई बर्बरता

सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि बच्चा गेंद का पीछा कर रहा था, तभी पड़ोसी का पालतू पिटबुल उस पर झपट पड़ा। कुत्ते ने बच्चे के सिर को दबोच लिया और उसका कान फाड़ दिया। यह क्रूर हमला कई सेकंड तक चला, जिसके बाद दो लोगों ने किसी तरह बच्चे को कुत्ते के जबड़े से छुड़ाया।

पीड़ित बच्चे के दादा, कामेश्वर राय ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए बताया कि हमला इतना गंभीर था कि पोते के सिर के पीछे 8-10 गहरे काटने के निशान आ गए हैं और उसका पूरा दाहिना कान फट गया है। उन्होंने बताया, "उसके दांत टूट गए हैं और चेहरा बुरी तरह घायल है। शुक्र है कि वह कम से कम होश में है और बात कर पा रहा है।" उन्होंने बताया कि गली के दो लड़कों ने मिलकर कुत्ते को खींचकर हटाया और बच्चे को उसके चंगुल से बचाया।

"बच्चे का फटा कान हाथ में लेकर भागा"

इस घटना के एक चश्मदीद सतीश कुमार ने बताया, " यह घटना दोपहर करीब 3:15 बजे हुई। मैं अपनी दुकान पर बैठा था, तभी अचानक एक कुत्ता भागता हुआ आया। कुत्ते ने बच्चे का चेहरा पकड़ लिया और वह बहुत दर्द में था। पास के एक और आदमी ने मेरी मदद की; हमने मिलकर कुत्ते को खींचने की कोशिश की। मैंने कुत्ते के हाथ-पैर पकड़े और आखिरकार उसने बच्चे को छोड़ा।"

सतीश कुमार ने बताया कि जब बच्चे को बचाया गया तो वह अत्यधिक दर्द और घबराहट में था और कान से भारी खून बहने के कारण भागने लगा। उन्होंने बताया कि बच्चे का फटा हुआ कान हाथ में लेकर वह उसके पीछे भागे, ताकि वह उस अंग को पूरी तरह न खो दे।

पहले भी हमले का आरोप

बच्चे के दादा, कामेश्वर राय ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यही कुत्ता पहले भी इलाके के चार अन्य बच्चों पर हमला करके उन्हें काट चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्होंने पहले भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी और कुत्ते को हटाने की मांग की थी, लेकिन तब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि रविवार शाम 5:38 बजे प्रेम नगर पुलिस स्टेशन में पीसीआर कॉल मिली थी। प्राथमिक जांच में पता चला कि कुत्ता राजेश पाल (उम्र 50 वर्ष) पेशे से दर्जी है। उसी का पालतू कुत्ता है। बच्चे को पड़ोसियों की मदद से बीएसए अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे आगे के इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है।

ये भी पढ़ें-

ठाणे में फ्लाईओवर के नीचे मिला सूटकेस, खुला तो महिला की सड़ी-गली अवस्था में मिली लाश

कश्मीर में रिकॉर्ड तोड़ सर्दी, जोजिला में -16 डिग्री तक लुढका पारा, जानें अन्य राज्यों में मौसम का हाल