1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. PM मोदी के जनसेवा में 25 साल, सेवा ज्योति यात्रा हुई रवाना, CM रेखा गुप्ता बोलीं- 'ये राष्ट्र प्रथम के संकल्प और जनकल्याण की साधना का प्रतीक'

PM मोदी के जनसेवा में 25 साल, सेवा ज्योति यात्रा हुई रवाना, CM रेखा गुप्ता बोलीं- 'ये राष्ट्र प्रथम के संकल्प और जनकल्याण की साधना का प्रतीक'

PM मोदी के जनसेवा में 25 साल पूरे होने के मौके पर दिल्ली की चांदनी चौक लोकसभा की सेवा ज्योति यात्रा रवाना हुई है। इस मौके पर CM रेखा गुप्ता ने कहा कि ये यात्रा राष्ट्र प्रथम के संकल्प और जनकल्याण की साधना का प्रतीक है।

PM Modi 25 years delhi cm rekha gupta- India TV Hindi
Image Source : X (@GUPTA_REKHA) सेवा ज्योति यात्रा में शामिल हुईं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा एवं राष्ट्र निर्माण के 25 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने पर भारतीय जनता पार्टी ने अनेक स्थानों पर धूमधाम से कार्यक्रम आयोजित किए हैं। इस मौके पर बुधवार को दिल्ली के आई.जी. इंडोर स्टेडियम से चांदनी चौक लोकसभा की ‘सेवा ज्योति यात्रा’ को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी यात्रा में सम्मिलित होकर कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।

यात्रा जनकल्याण की साधना का प्रतीक- CM रेखा

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि "सेवा ज्योति यात्रा’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवाभाव, राष्ट्र प्रथम के संकल्प और जनकल्याण की साधना का प्रतीक है। यह यात्रा विकसित भारत के निर्माण के सामूहिक संकल्प को और मजबूत करने का संदेश देती है। इस अवसर पर दिल्ली भाजपा प्रभारी श्री विनय सहस्रबुद्धे जी, दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, कैबिनेट सहयोगी, सांसद, विधायक, पार्टी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।"

PM मोदी के अटूट संकल्प पर गर्व- CM रेखा

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा- "मुझे अपने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उनके नेतृत्व पर और उनके उस अटूट संकल्प पर गर्व है, जिसमें सदैव राष्ट्र प्रथम रहा है। आज 140 करोड़ देशवासियों का विश्वास, स्नेह और आशीर्वाद उनके साथ है, क्योंकि देश ने उनकी तपस्या, उनका परिश्रम और भारत के प्रति उनका समर्पण देखा है। विकसित भारत का जो स्वप्न आदरणीय प्रधानमंत्री जी ने देखा है, वह आज 140 करोड़ भारतीयों का साझा संकल्प बन चुका है। इस संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने के लिए हम सभी भारतवासी एकजुट होकर, पूरे समर्पण और सामर्थ्य के साथ आगे बढ़ेंगे और विकसित भारत के स्वप्न को साकार करेंगे।"

2001 में CM बने थे नरेंद्र मोदी

आपको बता दें कि बुधवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक सेवा के जीवन में 25 साल पूरे कर लिए हैं। आपको बता दें कि नरेंद्र मोदी 7 अक्टूबर 2001 को पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे। वह लगातार 13 साल तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे। सीएम रहते हुए ही वह 2014 में देश के प्रधानमंत्री बने। अब नरेंद्र मोदी बीते 12 साल से देश के प्रधानमंत्री हैं। पीएम रहते हुए नरेंद्र मोदी ने कई बड़े कदम उठाए जिनमें कश्मीर से धारा 370 हटाने, कानून बनाकर तीन तलाक जैसी कुप्रथा खत्म करने, राम मंदिर का निर्माण, GST कानून, पाकिस्तान के खिलाफ सैन्य एक्शन जैसे फैसले और कई अन्य जनकल्याण की योजनाएं शामिल हैं।

पीएम मोदी ने दिया नया नारा

25 साल शासन में रहने के मौके पर बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को नया नारा दिया है। पीएम मोदी ने आज नया संकल्प लिया है और ये संकल्प/नारा है- We Will Do It. पीएम मोदी का संकल्प है- देश को 2047 तक विकसित भारत बनाना, भारत को आत्मनिर्भर करना और देश को दुनिया की टॉप- 3 इकोनॉमी में पहुंचाना।

ये भी पढ़ें- 'सही नेता, सही समय, सही जगह’, PM मोदी के 25 साल के सफर पर नायडू समेत NDA नेताओं ने दी बधाई

पीएम मोदी के राष्ट्र सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर सीएम धामी ने उत्तरकाशी के काशी विश्वनाथ मंदिर में की विशेष पूजा