A
  1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली-नोएडा में आज कई जगहों पर ट्रैफिक डायवर्जन, जाम से बचने के लिए इन सड़कों पर जाने से बचें

दिल्ली-नोएडा में आज कई जगहों पर ट्रैफिक डायवर्जन, जाम से बचने के लिए इन सड़कों पर जाने से बचें

दिल्ली और नोएडा में आज कई जगहों पर ट्रैफिक जाम लग सकता है। बाबा साहेब डॉ० भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर कार्यक्रम और शोभा यात्रा की वजह से पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : ANI सांकेतिक तस्वीर

नई दिल्लीः दिल्ली और नोएडा में आज बाबा साहेब डॉ० भीमराव अम्बेडकर जी की जयंती पर कार्यक्रम होगा। इसकी वजह से दिल्ली और नोएडा पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी के मुताबिक, आज कई सड़कों पर डायवर्जन लागू रहेगा। इसकी वजह से वाहन चालकों को कुछ जगहों पर जाम का सामना करना पड़ सकता है। जाम से बचने के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी को फॉलो करने की सलाह दी गई है।

 जनसभा और शोभा यात्रा से लग सकता है जाम

दिल्ली में 14 अप्रैल को डॉ. बी.आर. अंबेडकर की 135वीं जयंती के मौके पर एक बड़ी जनसभा और शोभा यात्रा होगी। इसको लेकर पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इसमें चेतावनी दी गई है कि शहर के मध्य हिस्सों में सुबह से शाम तक ट्रैफिक पर भारी पाबंदियां रहेंगी। एडवाइजरी के मुताबिक, सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच रामलीला मैदान में एक जनसभा होगी। इसके बाद एक शोभा यात्रा निकलेगी, जो कई व्यस्त सड़कों से होते हुए पहाड़गंज में डॉ. अंबेडकर भवन पर जाकर खत्म होगी।

दिल्ली में इन सड़कों पर जाने से बचें

इस पूरे कार्यक्रम की वजह से सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक ट्रैफिक की आवाजाही पर असर पड़ने की उम्मीद है। यह जुलूस रामलीला मैदान से शुरू होगा और अजमेरी गेट, श्रद्धानंद मार्केट, खारी बावली, कुतुब रोड, सदर बाजार, बारा टूटी चौक, पहाड़ी धीरज, फिल्मिस्तान सिनेमा, मानकपुरा, सीधी पुरा, ईस्ट पार्क रोड, डी.बी. गुप्ता रोड, गुरु रविदास मार्ग, देव नगर, कीकर वाला चौक, हाथी वाला चौक, रेगर पुरा, आर्य समाज रोड, डॉ. अंबेडकर मार्ग और रानी झांसी रोड जैसे मुख्य स्थानों से होते हुए अंबेडकर भवन पर समाप्त होगा।
 
ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि जुलूस की आवाजाही के आधार पर ट्रैफिक को मोड़ा जाएगा और पाबंदियां लगाई जाएंगी। ज़रूरत पड़ने पर JLN मार्ग पर भी पाबंदियां लगाई जा सकती हैं। हालात को देखते हुए, दिल्ली गेट, मिंटो रोड और अजमेरी गेट जैसे कुछ हिस्सों में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई जा सकती है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे दिन के समय देरी से बचने के लिए कई मुख्य सड़कों का इस्तेमाल न करें। इनमें JLN मार्ग, आसफ अली रोड, चमन लाल मार्ग, अजमेरी गेट, मिंटो रोड, कुतुब रोड, रानी झांसी मार्ग, ईस्ट पार्क रोड और DB गुप्ता रोड शामिल हैं। जनसभा और जुलूस की आवाजाही की वजह से इन रास्तों पर भारी ट्रैफिक जाम लग सकता है।

नोएडा में ट्रैफिक डायवर्जन
 

  1. नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर ग्रेटर नोएडा से नोएडा की ओर आने वाले मार्ग पर दलित प्रेरणा स्थल पर यातायात दबाव होने की स्थिति में महामाया फ्लाई ओवर से सेक्टर 37 की ओर यातायात को डायवर्ट किया जायेगा। यह यातायात सेक्टर 37 से अटटापीर चौक, रजनीगंधा चौक, सेक्टर 15 गोलचक्कर चौक से गन्तव्य को जा सकेगा।
  2. नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर ग्रेटर नोएडा से नोएडा की ओर आने वाले मार्ग पर दलित प्रेरणा स्थल गेट नं0-4 पर यातायात दबाव होने की स्थिति में फिल्मसिटी फ्लाई ओवर से सेक्टर-18 की ओर यातायात को डायवर्ट किया जायेगा। यह यातायात सेक्टर-18 से रजनीगंधा चौक, सेक्टर-15 गोलचक्कर चौक अथवा सेक्टर 18 अण्डरपास से एलीवेटेड होकर गन्तव्य को जा सकेगा।
  3. नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर नोएडा से ग्रेटर नोएडा की ओर आने वाले मार्ग पर डीएनडी, फिल्मसिटी फ्लाई ओवर के पास यातायात दबाव होने की स्थिति में सेक्टर-14ए फ्लाई ओवर से सेक्टर-15 गोलचक्कर की ओर यातायात को डायवर्ट किया जायेगा। यह यातायात सेक्टर 15 गोलचक्कर चौक से रजनीगंधा चौक, अटटापीर चौक, सेक्टर-37 होकर गन्तव्य को जा सकेगा।

दलित प्रेरणा स्थल पर आने वाले लोगों के यहां पर पार्किंग व्यवस्था

  1. कार्यक्रम में परीचौक, सेक्टर-37, ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ओर से आने वाले हल्के वाहनों की पार्किंग दलित प्ररेणा स्थल के गेट नं0-1 के अन्दर होगी।
  2. दिल्ली की ओर से कार्यक्रम में आने वाले वाहनों की पार्किंग फिल्मसिटी के अन्दर बनी मल्टीलेवल पार्किंग में होगी। 
  3. कालिन्दी कुंज की ओर से आने वाले हल्के वाहनों की पार्किंग सेक्टर 95 गंदानाला के पास बनी दलित प्ररेणा स्थल पार्किंग की अण्डरग्राउण्ड पार्किंग में होगी।