A
  1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. 'दिल्ली मित्र' ऐप को रेखा गुप्ता सरकार ने दी मंजूरी, नागरिक ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे शिकायत

'दिल्ली मित्र' ऐप को रेखा गुप्ता सरकार ने दी मंजूरी, नागरिक ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे शिकायत

दिल्ली सरकार की कैबिनेट ने एक बड़ा फैसला लिया है। दरअसल दिल्ली सरकार ने दिल्ली मित्र ऐप को लॉन्च करने की बात कही है। इस ऐप के आने के बाद लोग ऑनलाइन ही अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।

Rekha Gupta Government approves Delhi Mitra app citizens can register complaints online- India TV Hindi
Image Source : PTI 'दिल्ली मित्र' ऐप को रेखा गुप्ता सरकार ने दी मंजूरी

दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। दरअसल दिल्ली सरकार द्वारा कहा गया है कि 'दिल्ली मित्र' ऐप को लॉन्च किया जाएगा। इस पोर्टल पर नागरिक सीधे अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। गौरतलब है कि इस ऐप का विचार आम लोगों ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को लिखे एक प्रस्ताव में सुझाया था, जिसे अब कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है।

दिल्ली में बाढ़ के स्तर पर क्या बोलीं रेखा गुप्ता

वहीं दिल्ली में बाढ़ को लेकर सीएम रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि शहर में बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है और यमुना का जलस्तर एक-दो दिन में कम हो जाएगा। गुप्ता ने यमुना बाजार के आसपास के निचले इलाकों का दौरा किया, जहां पानी घरों में घुस गया है। उन्होंने जलमग्न सड़कों से गुजरते हुए निवासियों से बात की। मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से कहा, ‘‘हमने उनसे (निवासियों से) स्कूलों में जाने का अनुरोध किया, जहां राहत शिविर लगाए गए और भोजन व चिकित्सा सहायता की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि बिजली नहीं है। इसलिए, हमने सौर ऊर्जा से संचालित ‘फ्लडलाइट्स’ की व्यवस्था की है, ताकि रात में कोई समस्या न हो।’’ 

कितना पहुंचा यमुना का जलस्तर

बता दें कि दिल्ली के पुराने रेलवे पुल पर यमुना नदी का जलस्तर मंगलवार सुबह आठ बजे 205.79 मीटर तक पहुंच गया, जो ‘निकासी’ स्तर 206 मीटर से थोड़ा कम है। नदी का जलस्तर सोमवार दोपहर को 205.55 मीटर तक पहुंच गया था, जो खतरे के निशान 205.33 मीटर को पार कर गया था और तब से जलस्तर में वृद्धि हो रही है। गुप्ता ने कहा, ‘‘पानी आगे की ओर बह रहा है और रुका नहीं है। जलस्तर बढ़ा है, लेकिन एक-दो दिन में कम हो जाएगा। राष्ट्रीय राजधानी में बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है।’’ सोमवार को यमुना का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर जाने के बाद गुप्ता ने आश्वासन दिया था कि राष्ट्रीय राजधानी में व्यापक बाढ़ नहीं आएगी, यह सुरक्षित क्षेत्र है और किसी भी तरह का जलभराव बाढ़ के मैदानों तक ही सीमित रहेगा।

(इनपुट-भाषा के साथ)