राजधानी दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दिनदहाड़े एक सफाई कर्मचारी की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद से इलाके में भारी सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों के साथ-साथ सफाई कर्मचारियों में जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है। हत्या के विरोध में इलाके के सभी सफाई कर्मचारियों ने काम पूरी तरह से ठप कर दिया है और वे न्याय की मांग को लेकर आवाज उठा रहे हैं।
लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल के बाहर भारी भीड़ और हंगामा
घटना के बाद मृतक सफाई कर्मी के शव को तुरंत लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया। हत्या की खबर जैसे ही फैली, कल्याणपुरी और आसपास के इलाकों के दर्जनों सफाई कर्मचारी अस्पताल के बाहर इकट्ठा होने लगे। सफाई कर्मियों के आक्रोश को देखकर स्थानीय प्रशासन भी सतर्क हो गया है। मृतक सफाई कर्मी के परिजन घटना के बाद शोक में हैं और कानून से इंसाफ की मांग कर रहे हैं। सफाई कर्मी के सहकर्मी और दोस्त भी लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल के बाहर जमा हो गए हैं। कल्याणपुरी इलाके के सफाई के कार्यों को भी फिलहाल रोक दिया गया है। अगर आरोपी को जल्द ही नहीं पकड़ा गया तो सफाईकर्मियों ने हड़ताल पर जाने की भी धमकी दी है।
आरोपी के एनकाउंटर की मांग
घटना की गंभीरता को देखते हुए आम आदमी पार्टी के स्थानीय विधायक कुलदीप मौके पर पहुंचे। उन्होंने सफाई कर्मियों के साथ ही पीड़ित परिवार के लोगों से भी मुलाकात की। विधायक कुलदीप ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि जब तक आरोपी का एनकाउंटर नहीं होगा पूरी दिल्ली में कोई सफाई कर्मचारी सफाई नहीं करेगा। विधायक के इस बयाने के बाद मामला और भी गंभीर होता नजर आ रहा है।
फिलहाल दिल्ली पुलिस स्थिति को संभालने में जुटी हुई है और आरोपी की तलाश की जा रही है, इसके लिए सीसीटीवी फुटेज की भी सहायता ली जा रही है। इलाके में फिलहाल तनाव का माहौल है और यह तनाव तभी समाप्त होगा जब आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दिल्ली में होने वाली इस तरह की अपराधिक घटनाएं चिंता का विषय हैं जिनपर रोक लगाई जानी चाहिए और कानून व्यवस्था को सुधारा जाना चाहिए।
ये भी पढ़ें-
पैरोल खत्म होने के बाद फरार उम्रकैद का कैदी गिरफ्तार, 14 महीने के बच्चे की हत्या के मामले में काट रहा था सजा