1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. सत्य निकेतन हादसे के घायलों से मिलीं CM रेखा गुप्ता, दूसरी इमारतों की जांच भी शुरू; देखें अपडेट्स

सत्य निकेतन हादसे के घायलों से मिलीं CM रेखा गुप्ता, दूसरी इमारतों की जांच भी शुरू; देखें अपडेट्स

सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा हो चुका है। पुलिस और प्रशासन का एक्शन लगातार जारी है। एक तरफ जहां बिल्डिंग के मालिक और उसके परिवार के लोगों को गिरफ्तार किया गया है, तो दूसरी तरफ MCD के अफसरों पर भी गाज गिरी है।

सत्य निकेतन हादसे में सात की मौत।- India TV Hindi
Image Source : PTI सत्य निकेतन हादसे में सात की मौत।

दिल्ली के सत्य निकेतन में हुए हादसे में पांच छात्रों समेत 7 लोगों की जान चली गई। मामले में सरकार से लेकर पुलिस तक फुल एक्शन में है। पुलिस ने बिल्डिंग के मालिक हरिराम गुप्ता, उनकी पत्नी उर्मिला गुप्ता और बेटे महेश को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से हरिराम गुप्ता और उर्मिला गुप्ता को 14 दिन की न्यायिक हिरसात में जेल भेज दिया गया, जबकि हरिराम के बेटे महेश को दो दिनों की पुलिस कस्टडी में भेजा गया है। हरिराम के बेटे को पुलिस कस्टडी में इसलिए भेजा गया है, क्योंकि वही सत्यनिकेतन इलाके में अपने हॉस्टल का मैनेजमेंट देखता था।

इधर, दिल्ली सरकार भी एक्शन मोड में है। MCD के डिप्टी कमिश्नर समेत पांच अफसरों को सस्पेंड कर दिया गया है। हालांकि सत्य निकेतन में जहां इमारत गिरी, उसके आसपास नॉर्थ कैंपस, लक्ष्मीनगर, मुनिरका जैसे वो इलाके हैं जहां इसी तरह पतली-पतली गलियों में दरबे की तरह हॉस्टल और पीजी बने हुए हैं। इनमें छात्र रहने को मजबूर हैं। दिल्ली में 76 लाख सेंसस मकान हैं, लेकिन MCD अभी सिर्फ 28 लाख का ऑडिट कर पाई है।

Live updates : Satya_Niketan_LIVE

  • 6:03 PM (IST) Posted by Amar Deep

    बिल्डिंग के लेबर कांट्रेक्टर को पुलिस ने हिरासत में लिया

    दिल्ली पुलिस ने बिल्डिंग के लेबर कांट्रेक्टर सनोज को यूपी के कासगंज से हिरासत में लिया है और उसको दिल्ली लाकर पूछताछ की जा रही है। हरिराम के बेटे महेश ने पूछताछ में बताया कि वो अपने पैरेंट्स की तरफ से बिल्डिंग का मेंटेनेंस का काम देखता था। महेश के मुताबिक उसने हॉस्टल डेज पीजी ऑपरेटर को अगस्त 2025 में लीज ओर दिया था। पिछले 8-9 दिनों से बेसमेंट में रिपेयर का काम चल रहा था, इसमें बरसात का पानी जमा हो गया था। ग्राउंड फ्लोर को कमर्शियल एक्टिविटी बढ़ाने के लिए बढ़ाया जा रहा था। हादसे के दिन तीनों को लोकल लोगों से जानकारी मिली और अपने इन-लॉज के घर भिवाड़ी भाग गए।

  • 3:48 PM (IST) Posted by Amar Deep

    10 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई

    सुप्रीम कोर्ट ने संकेत दिया है कि वह दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन में हाल ही में गिरी PG बिल्डिंग के मामले की पूरे देश के स्तर पर जांच करेगा। इस घटना में अब तक सात छात्रों की मौत हो चुकी है और कई अन्य घायल हुए हैं। जस्टिस अहसानुद्दीन अमानुल्लाह और जस्टिस आर. महादेवन की बेंच ने इस मामले की सुनवाई के लिए गुरुवार, 10 सितंबर की तारीख तय की है।

    कोर्ट की यह टिप्पणी सीनियर एडवोकेट अजीत सिन्हा द्वारा 6 सितंबर को बिल्डिंग गिरने की दुखद घटना का ज़िक्र किए जाने के बाद आई। सिन्हा एक पुराने मामले में कोर्ट द्वारा नियुक्त 'एमिकस' (न्याय मित्र) हैं, जिसमें सुप्रीम कोर्ट देश भर में अवैध बिल्डिंगों और ढांचों के संबंध में अपने निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहा है।

  • 3:35 PM (IST) Posted by Amar Deep

    शिक्षा मंत्री ने छात्रों से की बात

    दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में PG में रहने वाले छात्रों से बातचीत की।

  • 2:38 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    PG में रहने वाले छात्रों से शिक्षा मंत्री ने की बात

    दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में PG में रहने वाले छात्रों से बातचीत की।

  • 2:03 PM (IST) Posted by Amar Deep

    CM ने घायलों से मुलाकात की दी जानकारी

    सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, "एम्स जाकर सत्य निकेतन हादसे में घायल छात्रों से मिली और उनके उपचार की स्थिति की जानकारी ली। उनके परिजनों से भी बातचीत कर उन्हें आश्वस्त किया कि एम्स के चिकित्सकों द्वारा सभी घायलों को सर्वोत्तम उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार, दुर्घटना में घायल हुए सभी छात्रों के उपचार का पूरा खर्च वहन करेगी और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करेगी।"

  • 1:20 PM (IST) Posted by Amar Deep

    कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना

    कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा, "पिछले 12 सालों से हम सिर्फ दिखावे की कार्रवाई देख रहे हैं। आपने मालिकों, उनकी पत्नी और बेटे को गिरफ़्तार किया, जो सही कदम था। आपने अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज की और उन्हें सस्पेंड किया; यह भी सही था। लेकिन उन लोगों का क्या जो असल में ज़िम्मेदार हैं, जो नैतिक रूप से दोषी हैं, जिन्होंने इसे बनते देखा या इसके निर्माण की देखरेख की? क्या कोई नैतिक या राजनीतिक ज़िम्मेदारी लेगा? आख़िरकार, यह सरकार बेपरवाह है; उसे इस बात से कोई फ़र्क नहीं पड़ता कि लोग मर रहे हैं।"

  • 12:51 PM (IST) Posted by Amar Deep

    छात्रों ने किया प्रदर्शन

    दिल्ली बिल्डिंग हादसे को लेकर छात्रों में जबरदस्त गुस्सा देखा जा रहा है। डीयू साउथ कैम्पस के अलग-अलग कॉलेजों में सोमवार को छात्रों ने जमकर प्रोटेस्ट किया। ABVP ने एमसीडी के खिलाफ प्रदर्शन किया और अलग-अलग कैंपस में धरना देकर हादसे में मारे गए छात्रों के लिए इंसाफ की मांग की।

  • 12:14 PM (IST) Posted by Amar Deep

    कल गिराई जाएगी बगल वाली इमारत

    सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, "जिन परिवारों ने अपने बच्चों को खो दिया, वे शव लेकर दिल्ली से जा चुके हैं; सरकार ने सभी जरूरी इंतज़ाम किए थे और हम सभी माता-पिता के संपर्क में हैं। ठीक बगल में एक और इमारत है, वह इमारत खतरनाक है; उसे असुरक्षित घोषित कर दिया गया है। उसे कल गिराया जाना है।"

  • 11:54 AM (IST) Posted by Amar Deep

    सीएम रेखा गुप्ता ने घायलों से की मुलाकात

    सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, "मैं घायल बच्चों से मिली हूं। 12 लोगों को घायल हालत में बाहर निकाला गया था; उनमें से सात की मौत हो चुकी थी। उन सात लोगों में से दो मजदूर थे। एक मजदूर यहां भर्ती है और अभी उसकी हालत ठीक है; उसके पैर में गंभीर चोट है जिसका इलाज चल रहा है। यहां भर्ती दो बच्चे पूरी तरह ठीक हैं और उन्हें आज छुट्टी दे दी जाएगी। एक बच्चा ICU में है; उसकी हालत ज़्यादा गंभीर है और वहां उसका इलाज चल रहा है। मैं उनके माता-पिता से भी मिली हूं; हालात को देखते हुए हमने उन्हें भरोसा दिलाया है कि उन्हें सबसे अच्छा मेडिकल इलाज दिया जाएगा और सरकार पूरी मदद और सहायता करेगी। हम इन बच्चों और मजदूरों के परिवारों को आर्थिक मदद भी देंगे।"

  • 11:52 AM (IST) Posted by Amar Deep

    घायलों से मिलने AIIMS पहुंचीं रेखा गुप्ता

    दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना में घायल लोगों से मिलने AIIMS पहुंचीं। इस घटना में 7 लोगों की मौत हो गई थी।