Shahdara Seat Election Results: शाहदरा सीट से BJP के संजय गोयल जीते
Shahdara Seat Results: दिल्ली विधानसभा चुनावों के नतीजे सामने आ चुके हैं। इस चुनाव में बीजेपी ने बाजी मार ली और आप को हार का सामना करना पड़ा।
शाहदरा: दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आ चुके हैं। बीजेपी ने आप को करारी शिकस्त दी है। इस चुनाव में मुख्य मुकाबला आम आदमी पार्टी, बीजेपी और कांग्रेस के बीच था लेकिन बीजेपी ने सबको बहुत पीछे छोड़ दिया। ऐसे में शाहदरा सीट पर भी दिलचस्प मुकाबला देखने को मिला। यहां आम आदमी पार्टी से जितेंद्र सिंह शंटी मैदान में थे तो कांग्रेस से जगत सिंह ताल ठोक रहे थे लेकिन जीत भाजपा के संजय गोयल को मिली। बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए 5 फरवरी को वोटिंग हुई थी।
क्या है इस सीट का इतिहास?
अगर शाहदरा सीट की बात करें तो ये पूर्वी दिल्ली लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के तहत आती है। साल 2020 के विधानसभा चुनाव में यहां 1,89,407 वोटर्स थे। इनमें से 99,540 पुरुष और 89,862 महिला वोटर्स थीं। इस दौरान यहां 66.2 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। 2015 के चुनाव से पहले साल 2013 में यहां से शिरोमणि अकाली दल के जितेंद्र सिंह शंटी जीते थे। उनसे पहले साल 2008, 2003 और 1998 में इस सीट से कांग्रेस के नरेंद्र नाथ ने लगातार तीन बार जीत हासिल की थी। साल 1993 में इस सीट से बीजेपी के राम निवास गोयल जीते थे। यानी साल 1998 के बाद से इस सीट पर बीजेपी को जीत हासिल नहीं हुई थी।
बीते चुनावों में AAP का रहा दबदबा
शाहदरा सीट पर साल 2020 और 2015 के चुनावों में आम आदमी पार्टी का दबदबा रहा। दोनों ही चुनावों में आप ने जीत हासिल की थी और यहां से आप नेता राम निवास गोयल जीते थे। हालांकि इस बार आम आदमी पार्टी ने राम निवास गोयल की टिकट काट दी और जितेंद्र सिंह शंटी को अपना उम्मीदवार बनाया।
लेकिन AAP द्वारा अपने कैंडिडेट को बदलने से उसे नुकसान ही हुआ। भाजपा के संजय गोयल ने इस चुनाव में जीत हासिल की।
