1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. साइकिल को लेकर दिल्ली विधानसभा में हंगामा, AAP के 6 विधायकों को मार्शल की मदद से करना पड़ा बाहर

साइकिल को लेकर दिल्ली विधानसभा में हंगामा, AAP के 6 विधायकों को मार्शल की मदद से करना पड़ा बाहर

दिल्ली सरकार छात्राओं को साइकिल बांट रही है, ताकि छात्राओं को स्कूल आने-जाने में आसानी हो। इस बीच आप नेताओं ने घोटाले का आरोप लगाते हुए दिल्ली विधानसभा में हंगामा किया। विधानसभा की कार्यवाही बाधित होने की वजह से छह आप विधायकों को विधानसभा से बाहर निकालना पड़ा।

दिल्ली विधानसभा से 6 विधायकों को निकाला गया बाहर।- India TV Hindi
Image Source : YT/DELHI ASSEMBLY TELEVISION दिल्ली विधानसभा से 6 विधायकों को निकाला गया बाहर।

दिल्ली विधानसभा में आज जमकर हंगामा हुआ। आम आदमी पार्टी के विधायक दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। इस मुद्दे पर इतना हंगामा हुआ कि स्पीकर को आम आदमी पार्टी के 6 विधायकों को मार्शल्स के जरिए सदन से बाहर करना पड़ा। असल में आज दिल्ली सरकार ने विद्या वाहिनी योजना शुरू की है। इस स्कीम के तहत 9th क्लास के 1 लाख 40 हजार छात्राओं को साइकिल दी जाएगी। आज मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विधानसभा परिसर में कुछ स्टूडेंट्स को साइकिल भी बांटी, लेकिन आम आदमी पार्टी के विधायकों ने इसका विरोध किया। 

साइकिल खरीदी में घोटाले का आरोप

दरअसल, केजरीवाल की पार्टी के नेताओं का आरोप है कि दिल्ली सरकार छात्रों को जो साइकिल बांट रही है, उसे दो गुनी कीमत पर खरीदा गया है। इस मामले में घोटाला हुआ है, इसलिए शिक्षा मंत्री आशीष सूद को इस्तीफा देना चाहिए। आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि बीजेपी की सरकार ने पुरानी साइकिलें खरीदी हैं। जो साइकिल मार्केट में 4000 रुपये की मिल रही है, वो दिल्ली सरकार ने 7 हजार रुपये में खरीदी। यानी हर साइकिल पर 3 हजार रुपये का कमीशन लिया गया है।

विधानसभा में AAP विधायकों ने किया हंगामा 

इस मामले को लेकर आम आदमी पार्टी के विधायक आज आपत्तिजनक टी शर्ट पहनकर विधानसभा आए थे। इस पर विधानसभा उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट ने आपत्ति जताई। जिसके बाद विपक्ष ने सदन में हंगामा शुरू कर दिया। शिक्षा मंत्री आशीष सूद के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी करने लगे। जब हंगामा और नारेबाजी नहीं रुकी तो विधानसभा स्पीकर विजेंद्र गुप्ता ने संजीव झा, जरनैल सिंह, कुलदीप कुमार, प्रेम कुमार, सोम दत्त और अजय दत्त को मार्शल की मदद से बाहर निकाला।

सीएम ने आरोपों पर कसा तंज

हालांकि रेखा गुप्ता ने आम आदमी पार्टी के आरोपों को कोई भाव नहीं दिया। रेखा गुप्ता ने कहा कि केजरीवाल और उनकी पार्टी के नेताओं को दिल्ली की जनता ने पैदल कर दिया, इसलिए वो क्या कहते हैं, उस पर ध्यान देने की जरूरत नहीं हैं। इससे पहले विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने क्लास 9 की 200 छात्राओं को साइकिल बांटी। छात्राओं को ये साइकिल विद्या वाहिनी योजना के तहत दी गई। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं के लिए स्कूल तक आने-जाने की सुविधा बढ़ाना है। इस साल दिल्लीभर में क्लास 9 की करीब 1 लाख 40 हजार छात्राओं को साइकिल दी जाएगी।  

बीजेपी ने बताया बेबुनियाद आरोप

बीजेपी के नेताओं ने सौरभ भारद्वाज के आरोप को बेबुनियाद बताया। दिल्ली सरकार के प्रवक्ता अभय वर्मा ने कहा कि साइकिलों की खरीद ओपन टेंडर के जरिए हुई है। टेंडर की जानकारी सार्वजनिक पोर्टल पर दी गई थी। लोएस्ट बीडर को टेंडर मिला, सारा प्रोसेस ट्रांसपेरेंट था। अभय वर्मा ने कहा कि जब टेंडर जारी हुआ, तब केजरीवाल की पार्टी के नेता खामोश रहे और अब झूठे आरोप लगा रहे हैं, इससे कुछ नहीं होगा।

यह भी पढ़ें-

राम मंदिर के सेवादार ने पेश की ईमानदारी की मिसाल, महिला श्रद्धालु को खोजकर लौटाया मंदिर में खोया हार