1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. तिहाड़ के जेल नंबर 4 में रांका, जेल नंबर 2 में सौरव, जमानत का हो रहा इंतजार

तिहाड़ के जेल नंबर 4 में रांका, जेल नंबर 2 में सौरव, जमानत का हो रहा इंतजार

कॉकरोच जनता पार्टी के सौरव दास और आशुतोष रांका को गिरफ्तार करने के बाद पांच दिन की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया गया है। वहीं, गिरफ्तार किए गए अजिंक्य शिंदे से पुलिस ने बेल बॉन्ड भरवाया है। जानें आशुतोष और सौरव को क्यों गिरफ्तार किया गया?

तिहाड़ जेल भेजे गए सौरव और आशुतोष- India TV Hindi
Image Source : PTI तिहाड़ जेल भेजे गए सौरव और आशुतोष

दिल्ली में जंतर-मंतर पर बिना अनुमति प्रदर्शन करने के आरोप में कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं सौरव दास, आशुतोष रांका और अजिंक्य शिंदे को दिल्ली पुलिस ने आज सुबह गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद पुलिस ने तीनों को SEM कोर्ट में पेश किया। इसके बाद सौरव दास और आशुतोष रांका को पांच दिनों की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया। सौरभ और आशुतोष को बेल बॉन्ड तोड़ने के जुर्म में 5 दिन की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया गया है। जबकि गिरफ्तार किए गए अजिंक्य शिंदे से 5 हज़ार का बेल बॉन्ड भरवाया गया है। इस बेल बॉन्ड इसलिए भरवाया गया है ताकि वो पांच साल तक अशांति न फैलाएं। बता दें कि जंतर-मंतर को हाल ही में प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटा दिया गया है, जिसके बाद यह कार्रवाई हुई है।

पढ़ें खबर से जुड़े ताजा अपडेट्स....

Live updates : गिरफ्तारी के बाद तिहाड़ जेल भेजे गए सौरव दास, आशुतोष रांका

  • 2:43 PM (IST) Posted by Kajal Kumari

    राहुल गांधी के साथ आए NSUI प्रदर्शनकारियों का आरोप

    राहुल गांधी के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहुंचे NSUI के प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर हिरासत के दौरान टॉर्चर करने का आरोप लगाया है। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि हिरासत में उनके साथ मारपीट की गई। कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए अपने साथ कथित दुर्व्यवहार की आपबीती सुनाई। 

  • 1:16 PM (IST) Posted by Kajal Kumari

    सौरव-रांका की गिरफ्तारी पर भड़के सौरभ भारद्वाज बोले-यह तानाशाही है

    दास और रांका की गिरफ्तारी को जहां कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इसे "कायरता"पूर्ण कदम बताया, वहीं  AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने इसे "तानाशाही" करार दिया। आम आदमी पार्टी के सीनियर नेता सौरभ भारद्वाज ने भी दो प्रदर्शनकारियों को न्यायिक हिरासत में भेजने के कोर्ट के फैसले की आलोचना की। भारद्वाज ने X पर एक पोस्ट में कहा, "सौरभ दास और आशुतोष रांका को जंतर-मंतर पर तिरंगा लहराने के लिए 5 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। यह तानाशाही है।"

  • 12:22 PM (IST) Posted by Kajal Kumari

    सौरव को जेल नंबर 2, आशुतोष को जेल नंबर 4 में रखा गया

    तिहाड़ जेल में सौरव दास को जेल नंबर 2 में रखा गया है। वहीं, आशुतोष रांका को जेल नंबर 4 में रखा गया है। दोनो को तिहाड़ जेल की अलग अलग जेल में रखा गया है। सौरभ दास और आशुतोष रांका को 5 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

  • 10:57 AM (IST) Posted by Kajal Kumari

    जंतर-मंतर भारत के लोगों का है-राहुल गांधी

    जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के दौरान तिरंगा लहराना कोई अपराध नहीं है। इसके लिए युवाओं को जेल में डालना कायरतापूर्ण काम है। छात्र, युवा, पत्रकार और INDIA गठबंधन—अलग-अलग बैनर, लेकिन मकसद एक ही है। सभी विरोध प्रदर्शन एक ही हैं: नागरिक अपने संवैधानिक अधिकारों की मांग कर रहे हैं। जंतर-मंतर भारत के लोगों का है। हम इसे वापस हासिल करेंगे।

  • 10:41 AM (IST) Posted by Kajal Kumari

    CJP के 14 सदस्यों पर एफआईआर दर्ज

    जंतर-मंतर पर कल प्रदर्शन करने पहुंचे CJP के 14 सदस्य हिरासत में लिए गए थे। पुलिस ने सभी 14 लोगों को हिरासत में लिया। मामले में कनॉट प्लेस और संसद मार्ग थाने में दो FIR दर्ज की गईं। दिल्ली के जंतर-मंतर पर 13 अक्टूबर को Cockroach Janta Party (CJP) के 14 सदस्य पहुंचे, जबकि जंतर-मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थल की सूची से हटा दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, सभी सदस्य एक निजी परिसर के रास्ते कथित तौर पर घुसकर जंतर-मंतर पहुंचे थे। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के सरकारी काम में बाधा डाली। पुलिस ने सभी 14 लोगों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें पाबंद किया।

  • 10:04 AM (IST) Posted by Kajal Kumari

    'क्या तिरंगा लहराना भी जुर्म हो गया?'

    कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने सौरव दास और आशुतोष रांका के खिलाफ कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सवाल किया, 'क्या तिरंगा लहराना भी जुर्म हो गया?'

  • 9:53 AM (IST) Posted by Kajal Kumari

    सौरव-आशुतोष की जमानत की तैयारी में जुटी सीजेपी

    CJP की वकील अभिष्ट हेला ने कहा, "हम जमानत के लिए कहां अर्जी देंगे, यह हमारे कानूनी अधिकारों का मामला है। हम उन सभी जानकारियों का खुलासा नहीं करना चाहते क्योंकि इसमें और भी पहलू शामिल हैं। हम अपने कानूनी अधिकारों का इस्तेमाल करेंगे और कानूनी प्रक्रिया का पालन करेंगे। जो भी होगा, आपको सूचित किया जाएगा। सभी जानकारियों और अपडेट्स के लिए CJP के सोशल मीडिया अकाउंट्स को फॉलो करते रहें। हमें कोई जानकारी नहीं दी गई थी। हमें ऐसी कोई जानकारी नहीं दी गई थी।"

  • 9:51 AM (IST) Posted by Kajal Kumari

    "सिर उठाकर जेल जा रहे हैं", अजिंक्य शिंदे ने कहा

    CJP के नेशनल ऑर्गनाइज़ेशन इंचार्ज अजिंक्य शिंदे, जिन्हें बुधवार को पर्सनल बॉन्ड पर रिहा किया गया, ने बताया कि संगठन के को-कन्वीनर सौरव दास और आशुतोष रांका ने उनसे कहा था कि वे "सिर उठाकर जेल जा रहे हैं।" PTI न्यूज़ एजेंसी के मुताबिक, शिंदे ने कहा, "उन्होंने देश के लोगों से कहा है कि वे डरेंगे नहीं।"

  • 9:50 AM (IST) Posted by Kajal Kumari

    .कॉकरोच जनता पार्टी एक इंडिपेंडेंट प्रेशर ग्रुप है-दिपके

    उन्होंने अपनी पार्टी के किसी भी तरह के पॉलिटिकल रजिस्ट्रेशन की बात को खारिज कर दिया। दिपके ने कहा, "...कॉकरोच जनता पार्टी एक इंडिपेंडेंट प्रेशर ग्रुप है और हमेशा रहेगी। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हम INDIA ब्लॉक के खिलाफ हैं। हमारा और INDIA ब्लॉक का आंदोलन एक ही मकसद के लिए है।"

  • 9:49 AM (IST) Posted by Kajal Kumari

    हम INDIA ब्लॉक के खिलाफ नहीं-अभिजीत दिपके

    CJP के फाउंडर अभिजीत दिपके ने बुधवार को कहा कि INDIA ब्लॉक और 'कॉकरोच जनता पार्टी' का मकसद एक ही है। ANI न्यूज़ एजेंसी के मुताबिक, दिपके ने कहा, "हम सबका मकसद एक ही है और हम ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लड़ रहे हैं..."

     

  • 9:47 AM (IST) Posted by Kajal Kumari

    यह तो इमरजेंसी से भी ज़्यादा बुरा है-आप नेता आतिशी का बयान

    CJP के सौरव दास और आशुतोष रंका को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद, AAP विधायक आतिशी ने X पर एक पोस्ट में इस घटनाक्रम को "चौंकाने वाला" बताया। आतिशी ने कहा, "मोदी जी: यह तो इमरजेंसी से भी ज़्यादा बुरा है!"

  • 9:40 AM (IST) Posted by Kajal Kumari

    कायर सरकार-सीजेपी की रत्ना सिंह का ट्वीट

    सौरव और आशुतोष को 5 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया। अजिंक्य को पर्सनल बॉन्ड पर रिहा किया गया। गिरफ्तारी के कारण वही थे। पता चला है कि SEM का प्रदर्शनकारियों को सज़ा देने का पुराना रिकॉर्ड रहा है।

    कायर सरकार।

  • 9:35 AM (IST) Posted by Kajal Kumari

    CJP का ट्वीट-लोकतंत्र और संविधान से छेड़छाड़ करने की इजाजत नहीं

    कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि जिस तरह सरकार आंदोलन को दबाने की कोशिश कर रही है उसमें वह कभी कामयाब नहीं होगी। CJP ने पोस्ट में लिखा, 'लोकतंत्र और संविधान के साथ किसी को भी छेड़छाड़ करने नहीं दी जाएगी।'

  • 9:33 AM (IST) Posted by Kajal Kumari

    पहले भी हिरासत में लिए गए थे सौरव-आशुतोष

    सीजेपी के सौरव दास और आशुतोष रांका को शनिवार को भी दिल्ली में एक प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया गया था। उस समय दोनों ने एक साल तक शांति बनाए रखने का बांड भरा था। इसके बावजूद मंगलवार को जंतर-मंतर पर कथित तौर पर बिना अनुमति प्रवेश करने के मामले में उन्हें फिर हिरासत में लिया गया था।

  • 9:26 AM (IST) Posted by Kajal Kumari

    अजिंक्या शिंदे को रिहा कर दिया गया

     गिरफ्तार किए गए अजिंक्य शिंदे को रिहा कर दिया गया है। जंतर मंतर पर जबरन घुसने की कोशिश कर रहे सौरव दास, आशुतोष रांका और अजिंक्या शिंदे को कल हिरासत में लिया गया था, फिर उन्हें प्रिवेंटिव अरेस्ट किया गया। तीनों पर बेल बॉन्ड की शर्तों का उल्लंघन, जंतर मंतर में जबरन घुसने और सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप है।

     

  • 9:23 AM (IST) Posted by Kajal Kumari

    दोनों को पीछे के गेट से ले गई दिल्ली पुलिस

    आशुतोष और सौरव को पीछे के गेट से दिल्ली पुलिस ले गई है।

  • 9:22 AM (IST) Posted by Kajal Kumari

    आशुतोष रांका और सौरव दास ने क्या किया गुनाह?

    दिल्ली पुलिस के मुताबिक, सौरव दास और आशुतोष रांका ने भारतीय न्याय सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 का दोबारा उल्लंघन किया है। पुलिस ने उन्हें रिपीट ऑफेंडर बताते हुए उनके पिछले आचरण का हवाला दिया और बताया कि दोनों ने बेल बॉन्ड की शर्तों को तोड़ा है। इसी वजह से उन्हें गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के बाद कोर्ट ने उन्हें पांच दिनों की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया है।

    कोर्ट में सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने दलील दी कि आरोपियों ने शांति भंग की और बॉन्ड में तय शर्तों का उल्लंघन किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने प्रदर्शन के लिए बाकायदा लोगों को आह्वान किया था, इसी आधार पर दिल्ली पुलिस ने इनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

  • 9:18 AM (IST) Posted by Kajal Kumari

    अभिजीत दिपके ने उठाया सवाल

    सौरव दास और आशुतोष रांका को तिहाड़ जेल भेजे जाने पर अभिजीत दिपके ने सवाल उठाया है। दिपके ने पूछा कि दोनों का गुनाह क्या था? दिपके ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया, 'आशु और सौरव को 5 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। क्या है उनकी गलती? जंतर-मंतर पर तिरंगा फहराना।'