1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. अब दिल्ली के 'तालकटोरा स्टेडियम' का बदला जाएगा नाम, चुनाव प्रचार के आखिरी दिन प्रवेश वर्मा का बड़ा वादा

अब दिल्ली के 'तालकटोरा स्टेडियम' का बदला जाएगा नाम, चुनाव प्रचार के आखिरी दिन प्रवेश वर्मा का बड़ा वादा

दिल्ली में विधानसभा चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन है। सभी नेता आज बड़े-बड़े वादे कर रहे हैं। नई दिल्ली सीट से बीजेपी के उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने कहा कि 8 फरवरी को बीजेपी की जीत होते ही तालकटोरा स्टेडियम का नाम बदलने का प्रस्ताव पास किया जाएगा।

बीजेपी उम्मीदवार प्रवेश वर्मा- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO बीजेपी उम्मीदवार प्रवेश वर्मा

दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार के आखिरी दिन बीजेपी के उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने बड़ा वादा किया है। उन्होंने कहा, 'दिल्ली में एक तालकटोरा स्टेडियम है, ये मुगलों के समय का नाम है। आज मैं घोषणा कर रहा हूं। चुनाव नतीजों (8 फरवरी) के बाद जब NDMC काउंसिल की बैठक होगी। उसमें इस स्टेडियम का नाम बदलकर 'भगवान महर्षि वाल्मीकि' के नाम का प्रस्ताव आएगा और इसे पास किया जाएगा। इस तरह दिल्ली का तालकटोरा स्टेडियम भगवान महर्षि वाल्मीकि के नाम से जाना जाएगा'

केजरीवाल के सामने चुनाव लड़ रहे प्रवेश वर्मा

बीजेपी उम्मीदवार प्रवेश वर्मा नई दिल्ली सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। इनके सामने आम आदमी पार्टी से पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल खड़े हुए हैं। अरविंद केजरीवाल लगातार तीन बार से इस सीट से विधायक चुने गए हैं। इस बार इस सीट पर लड़ाई काफी टक्कर की है।

नई दिल्ली सीट में स्थित है तालकटोरा स्टेडियम

तालकटोरा स्टेडियम भी नई दिल्ली विधानसभा सीट के अंदर ही स्थित है। इसलिए बीजेपी उम्मीदवार ने इस स्टेडियम का नाम बदले जाने का वादा किया है। प्रवेश वर्मा लोगों के बीच जाकर वोट मांग रहे हैं। वहीं, अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली विधानसभा सीट के साथ-साथ बाकी क्षेत्रों में भी जा रहे हैं।

दो दिन बाद दिल्ली में है वोटिंग

बता दें कि दिल्ली में 5 फरवरी को विधानसभा चुनाव की वोटिंग है। आज चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है। 8 फरवरी को चुनावी नतीजे आएंगे। वोटिंग से दो दिन पहले जनता को अपने-अपने पक्ष में करने के लिए बीजेपी, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के नेता बड़े-बड़े वादे कर रहे हैं।