1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. थैलेसीमिया से जंग लड़ रहे ‘योद्धाओं’ का सम्मान, 'Empowering Thalassemia Warriors' कार्यक्रम में रजत शर्मा ने बढ़ाया हौसला

थैलेसीमिया से जंग लड़ रहे ‘योद्धाओं’ का सम्मान, 'Empowering Thalassemia Warriors' कार्यक्रम में रजत शर्मा ने बढ़ाया हौसला

Thalassemics India और Thalassemia Patient Advocacy Group के संयुक्त आयोजन ‘एम्पावरिंग थैलेसीमिया वॉरियर्स’ में थैलेसीमिया से जूझ रहे लोगों के साहस और संघर्ष को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि रजत शर्मा ने Thal Warriors को सम्मानित किया।

Rajat sharma, INDIA TV- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV थैलेसीमिया वॉरियर्स को सम्मानित करते इंडिया टीवी के चेयरमैन एवं एडिटर-इन-चीफ रजत शर्मा

नई दिल्ली: मुश्किलों को ताकत में, सपनों को कामयाबी में और अपने सफर को दूसरों के लिए प्रेरणा में बदलने का हौसला रखनेवाले थैलेसीमिया वॉरियर्स को आज राजधानी दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में इंडिया टीवी के चेयरमैन और एडिटर-इन-चीफ रजत शर्मा ने सम्मानित किया। राजधानी दिल्ली के जनपथ स्थित होटल ले मेरिडियन में Thalassemics India और Thalassemia Patient Advocacy Group द्वारा संयुक्त रूप से “एम्पावरिंग थैलेसीमिया वॉरियर्स” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।  मुख्य अतिथि रजत शर्मा ने Santosh and Arjun Dev Taneja Memorial Awards के तहत थैलेसीमिया से जंग लड़ रहे 'सक्षम योद्धाओं' को सम्मानित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य थैलेसीमिया से जूझ रहे लोगों के साहस, संघर्ष, दृढ़ता और जज़्बे को सम्मानित करना तथा समाज में इस बीमारी को लेकर जागरूकता बढ़ाना रहा।

पर्दे के पीछे रहकर काम करना बहुत बड़ी बात

इस अवसर पर अपने संबोधन में रजत शर्मा ने कहा, “मैं Thalassemics India के प्रेसिडेंट दीपक चोपड़ा जी का आभार व्यक्त करना चाहता हूं कि उन्होंने मुझे इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया। दीपक जी ने कभी अपने इस काम के बारे में बात नहीं की। पर्दे के पीछे रहकर काम करना बहुत बड़ी बात है।”

उन्होंने कहा कि आज जिन बच्चों को सम्मानित किया गया, उनके चेहरों पर मुस्कान देखकर उन्हें भी इस पुण्य कार्य का हिस्सा बनने का अवसर मिला। “Thal Warriors, जिनके साथ प्रकृति ने गलत किया, आपने उनका साथ दिया। जिस बीमारी का इलाज नहीं था, उसमें भी आपने उनके साथ खड़े रहकर उनका हौसला बढ़ाया।”

जागरूकता को लेकर बड़ा संदेश

रजत शर्मा ने कहा कि India TV के पास जितनी भी शक्ति और पहुंच है, उसका इस्तेमाल थैलेसीमिया के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए किया जाएगा। उन्होंने शादी से पहले थैलेसीमिया की जांच कराने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि जागरूकता के माध्यम से आने वाली पीढ़ियों को इस बीमारी से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा सकते हैं। उन्होंने कहा- “इस बीमारी का इलाज नहीं है, लेकिन जागरूकता के जरिए इसे रोका जा सकता है। यह मैंने आप लोगों से सीखा है और मीडिया की मदद से अधिक से अधिक लोगों तक यह संदेश पहुंचाऊंगा।”

Image Source : INDIA TV“एम्पावरिंग थैलेसीमिया वॉरियर्स” कार्यक्रम को संबोधित करते इंडिया टीवी के चेयरमैन एवं एडिटर-इन-चीफ रजत शर्मा

स्कूलों में भी जागरूकता और जांच की जरूरत

वहीं इस कार्यक्रम के दौरान सवाल-जवाब का सेशन भी चला। इस दौरान स्कूलों में थैलेसीमिया टेस्टिंग को लेकर भी चर्चा हुई। रजत शर्मा कहा कि बच्चों और अभिभावकों को टेस्ट से जुड़े फायदे, नुकसान और संभावित जोखिमों की सही जानकारी देना जरूरी है, ताकि समाज में जागरूकता बढ़े और लोग सही निर्णय ले सकें। उन्होंने कहा: “मैं कोशिश करूंगा कि आप लोगों के सभी सुझावों को जनता तक पहुंचाया जा सके।”

रक्तदान का संदेश

रजत शर्मा ने रक्तदान के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा- “ब्लड डोनेशन करने वाले का कुछ नहीं जाता, मगर किसी के लिए वो जीवनदान हो सकता है।” उन्होंने लोगों से नियमित रक्तदान के लिए आगे आने और जरूरतमंद थैलेसीमिया मरीजों के साथ खड़े होने की अपील की।

इसी दौरान जब उनसे पूछा गया कि “रजत जी, आपको सवाल पूछने से डर नहीं लगता?” इस पर उन्होंने कहा: “मुझे हिम्मत आती है आप लोगों के प्यार से। आपका प्यार मुझे शक्ति देता है।”

“आप की अदालत” और बाल ठाकरे

उन्होंने अपने लोकप्रिय कार्यक्रम “आप की अदालत” के दौरान सामने आई कई चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि पत्रकारिता में सवाल पूछने की हिम्मत बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने बालासाहेब ठाकरे से जुड़ा एक प्रसंग भी शेयर किया। उन्होंने बताया कि एक बार जब बालासाहेब 'आप की अदालत' तो उन्होंने  पूछा कि “मुंबई आपके नाम से कांपती है?” इस पर बालासाहेब ने जवाब दिया कि अगर मुंबई उनसे नहीं कांपेगी तो आपसे कांपेगी?

Image Source : INDIA TV“एम्पावरिंग थैलेसीमिया वॉरियर्स” कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रजत शर्मा का संबोधन

रजत शर्मा जी ने बताया कि उस दौरान एक महिला ने उन्हें ज्यादा सवाल न पूछने की चेतावनी भी दी थी। जब उन्होंने यह बात बालासाहेब ठाकरे को बताई, तो उन्होंने कहा: “तुम पूछो, आज टाइगर को टाइगर मिला है।” रजत शर्मा जी ने कहा कि जब जनता का प्यार और विश्वास साथ हो, तो सवाल पूछने की हिम्मत और बढ़ जाती है।

Santosh and Arjun Dev Taneja Awards का तीसरा संस्करण

कार्यक्रम के दौरान Santosh and Arjun Dev Taneja Awards के तीसरे संस्करण का भी आयोजन किया गया। इन पुरस्कारों के माध्यम से साहस, perseverance (दृढ़ता) और उम्मीद की मिसाल पेश करने वाले Thal Warriors को सम्मानित किया गया। ये पुरस्कार उन लोगों के संघर्ष और उपलब्धियों को सलाम करते हैं, जो थैलेसीमिया की चुनौतियों के बावजूद अपने सपनों को पूरा कर रहे हैं और दूसरों के लिए प्रेरणा बन रहे हैं।

Image Source : INDIA TV“एम्पावरिंग थैलेसीमिया वॉरियर्स” कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रजत शर्मा व अन्य गणमान्य लोग

कार्यक्रम में शामिल हुए डॉक्टर और विशेषज्ञ

कार्यक्रम में थैलेसीमिया से पीड़ित मरीजों और उनके परिवारों के साथ-साथ डॉक्टर, स्वास्थ्य विशेषज्ञ और थैलेसीमिया के क्षेत्र से जुड़े अधिवक्ता भी शामिल हुए। सभी ने मिलकर थैलेसीमिया को लेकर जागरूकता बढ़ाने, मरीजों को बेहतर सहयोग देने और समाज को संवेदनशील बनाने की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

एक कार्यक्रम नहीं, उम्मीद का उत्सव

“एम्पावरिंग थैलेसीमिया वॉरियर्स” सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि साहस, एकजुटता और उम्मीद का उत्सव बन रहा है।