1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. VIDEO: कनॉट प्लेस में गिरा रेड लाइट का खंभा, चपेट में आने से ऑटो और स्कूटी के उड़े परखच्चे, बच्चा समेत 2 लोग घायल

VIDEO: कनॉट प्लेस में गिरा रेड लाइट का खंभा, चपेट में आने से ऑटो और स्कूटी के उड़े परखच्चे, बच्चा समेत 2 लोग घायल

ऑटो और स्कूटी के ऊपर रेड लाइट का खंभा गिरने से अफरा-तफरी मच गई। ऑटो में सवार एक बच्चा घायल हो गया। स्कूटी सवार भी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ऑटो पर गिरा रेड लाइट का खंभा- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT ऑटो पर गिरा रेड लाइट का खंभा

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कनॉट प्लेस इलाके में मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब आउटर सर्किल पर लगा रेड लाइट का खंभा अचानक सड़क पर गिर गया। खंभे की चपेट में वहां से गुजर रहा एक ऑटो और स्कूटी आ गए। हादसा मिंटो ब्रिज के पास कनॉट प्लेस आउटर सर्किल पर हुआ।

इस हादसे में दो लोग घायल

हादसे में गनीमत रही कि किसी की जान नहीं गई। हालांकि, दो लोगों के घायल हो गए। घायलों में एक स्कूटी सवार और दूसरा ऑटो में सवार बच्चा बताया जा रहा है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

अफरा-तफरी का हो गया माहौल

रेड लाइट का खंभा अचानक सड़क पर गिरने से कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे के बाद संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू की गई।

खंभे में लग गई थी जंग

फिलहाल खंभा गिरने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। हालांकि, स्थानीय लोगों का आरोप है कि खंभे में जंग लगने के कारण वह कमजोर हो गया था। इसकी वजह से यह हादसा हुआ। अधिकारियों की जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आएगी।

हाल ही में सत्य निकेतन में हो चुका हादसा

बता दें कि दिल्ली में हाल के दिनों में जर्जर और कमजोर ढांचों से जुड़े हादसों ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। कुछ समय पहले दिल्ली के सत्यन निकेतन में एक इमारत के गिरने की घटना सामने आई थी, जिसमें मलबे के नीचे दबने से 7 लोगों की जान चली गई थी। सत्य निकेतन में हुई घटना के बाद जर्जर इमारतों और पुराने ढांचों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठते रहे हैं।

लोगों की फिर बढ़ीं चिंताएं

अब कनॉट प्लेस जैसे बेहद व्यस्त इलाके में रेड लाइट का खंभा अचानक सड़क पर गिरने की घटना ने भी चिंता बढ़ा दी है। जिस वक्त खंभा गिरा, उस दौरान सड़क से वाहन गुजर रहे थे और एक ऑटो व स्कूटी इसकी चपेट में आ गए। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि दो लोगों के घायल होने की सूचना है।

दिल्ली का काफी व्यस्त इलाका है कनॉट प्लेस

मालूम हो कि कनॉट प्लेस दिल्ली का प्रमुख व्यावसायिक और बेहद व्यस्त इलाका है। जहां दिनभर बड़ी संख्या में लोग और वाहन आते-जाते हैं। ऐसे में सड़क किनारे लगे ट्रैफिक सिग्नल, बिजली के खंभे और दूसरे सार्वजनिक ढांचों की नियमित जांच और समय पर रखरखाव बेहद अहम हो जाता है।

ये भी पढ़ें: 

गुरुग्राम लेडी बाइकर एक्सीडेंट मामले में आरोपी के वकील का दावा, "हिट-एंड-रन नहीं, लापरवाही का मामला", नशे में होने की बात से भी इनकार