1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में दर्दनाक हादसा, लिफ्ट में सिर फंसने से युवक की हुई मौत, आप भी रहें सावधान

दिल्ली में दर्दनाक हादसा, लिफ्ट में सिर फंसने से युवक की हुई मौत, आप भी रहें सावधान

दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में एक दर्दनाक हादसा देखने को मिला है। दरअसल यहां एक इलेक्ट्रॉनिक गोदाम में माल उठाने वाली लिफ्ट में एक 19 वर्षीय युवक का सिर फंस गया, जिस कारण उसकी मौत हो गई।

Tragic accident in Delhi young man died after his head got stuck in the lift you too should be caref- India TV Hindi
Image Source : PTI प्रतीकात्मक तस्वीर

दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में इलेक्ट्रॉनिक्स के एक गोदाम में माल उठाने वाली लिफ्ट के दरवाजे में सिर फंसने से 19 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक मृतक शिव कुमार बिहार के चंपारण जिले का मूल निवासी था और काम की तलाश में पांच दिन पहले ही दिल्ली आया था। वह गोदाम में 12,000 रुपये मासिक वेतन पर कार्यरत था। पुलिस के अनुसार यह घटना बृहस्पतिवार शाम की है जब शिव कुमार मालवाहक लिफ्ट में सवार था और उसका सिर लिफ्ट के दरवाजे में फंस गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। 

पुलिस ने दर्ज किया केस

पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में लापरवाही से हुई मौत का मामला दर्ज कर लिया है और विस्तृत जांच जारी है। लिफ्ट को सील कर दिया गया है तथा खामियों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दिए गए हैं।’’ पुलिस ने बताया कि मृतक का बड़ा भाई रोहित शुक्रवार को दिल्ली पहुंचा और पोस्टमार्टम के बाद शव प्राप्त किया। बाद में शव को अंतिम संस्कार के लिए बिहार ले जाया गया। बता दें कि बीते दिनों गाजियाबाद की एक सोसायटी में भी इससे मिलता-जुलता एक मामला देखने को मिला था।

गाजियाबाद की सोसाइटी के लिफ्ट में फंसे थे बच्चे

दरअसल गाजियाबाद के एसोटेक सोसाइटी में एक बड़ी अनहोनी टल गई। यहां एसोटेक सोसाइटी की लिफ्ट में स्कूली बच्चे फंस गए। लिफ्ट फंसने के कारण बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। लिफ्ट का गेट काफी देर तक बंद रहा। इसके बाद जैसे-तैसे करके बच्चों को काफी देर बाद रेस्क्यू किया गया। बता दें कि सोसाइट लिफ्ट एक्ट में रजिस्टर है। एसोटेक सोसाइटी के लिफ्ट की एएमसी एक्सपायर हो चुकी है। इसी तरह की एक घटना 23 जून को भी देखने को मिली थी, जब 23 जून को भी इसी सोसाइटी की लिफ्ट में एक परिवार फंसा था। सोसाइटी की तरफ से इस मामले में पुलिस को शिकायत भी दी गई थी। बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं की गई। 

(इनपुट-भाषा)