A
  1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. यूपी के इनामी बदमाश का दिल्ली में हाफ एनकाउंटर, दो राज्यों में पहले से दर्ज हैं 28 आपराधिक मामले

यूपी के इनामी बदमाश का दिल्ली में हाफ एनकाउंटर, दो राज्यों में पहले से दर्ज हैं 28 आपराधिक मामले

दिल्ली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। बदमाश के पैर में गोली लगी है। बदमाश के खिलाफ यूपी और दिल्ली में 28 मुकदमें दर्ज हैं।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : ANI सांकेतिक तस्वीर

नई दिल्लीः दक्षिण पूर्वी दिल्ली के AATS की टीम ने एक इनामी बदमाश को हाफ एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया है। बदमाश के पैर में गोली लगी है। इस बदमाश का नाम मोहम्मद रिजवान है, जिसके ऊपर उत्तर प्रदेश पुलिस ने 15 हजार रुपये इनाम किया हुआ है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को देर रात मोहम्मद रिजवान की मूवमेंट दक्षिण पूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी के पास आने की सूचना मिली थी। इसके बाद इसे पकड़ने की कोशिश की गई लेकिन इसने पुलिस पर फायर कर दिया। 

जवाबी फायरिंग में पुलिस ने इसके दाहिने पैर में गोली मारी और उसे काबू में किया गया।। दिल्ली पुलिस के मुताबिक यह आरोपी यहां पर वारदात को अंजाम देने आया था लेकिन उससे पहले ही इसे पकड़ लिया गया है। अब इससे पूछताछ की जा रही है।

यूपी पुलिस ने घोषित किया था 15 हजार रुपये इनाम

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रिजवान उम्र लगभग 40 वर्ष निवासी अनार मस्जिद के पास, ओल्ड मुस्तफाबाद, दिल्ली के रूप में हुई। जांच में पाया गया कि आरोपी FIR नं. 02/2026, धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट, थाना कोतवाली नगर, जनपद बुलंदशहर (उ.प्र.) में वांछित था। आरोपी के लगातार फरार रहने एवं न्यायिक प्रक्रिया से बचने के कारण, उसकी गिरफ्तारी हेतु दिनांक 17.02.2026 को ₹15,000/- का इनाम घोषित किया गया था।

बदमाश पर 28 मुकदमें हैं दर्ज

आरोपी एक आदतन एवं कुख्यात अपराधी है, जिसके विरुद्ध कुल 28 आपराधिक मामले दर्ज हैं (24 दिल्ली में एवं 4 उत्तर प्रदेश में)। इसके अधिकांश अपराध झपटमारी , चोरी आदि संपत्ति अपराध से संबंधित हैं, हालांकि गंभीर अपराधों में भी इसकी संलिप्तता पाई गई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पूर्वी एवं दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में चोरी के 10 से अधिक मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। मामले की आगे की जांच जारी है, ताकि इसके आपराधिक नेटवर्क का पता लगाया जा सके एवं चोरी का माल बरामद किया जा सके।