A
  1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान के करीब, अधिकारियों ने कही ये बात

दिल्ली में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान के करीब, अधिकारियों ने कही ये बात

दिल्ली में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान के करीब है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि वह हालात पर नजर बनाए हुए हैं और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।

दिल्ली में यमुना का...- India TV Hindi
Image Source : PTI/FILE दिल्ली में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान के करीब

नई दिल्ली: दिल्ली में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान के करीब है, जिसने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। दरअसल दिल्ली के पुराने रेलवे पुल पर यमुना नदी का जलस्तर शनिवार शाम करीब आठ बजे 205.11 मीटर तक पहुंच गया, जो खतरे के निशान 205.33 मीटर से कुछ ही कम है। 

क्या है चेतावनी का स्तर?

दिल्ली के लिए चेतावनी स्तर 204.50 मीटर और खतरे का स्तर 205.33 मीटर है, जबकि 206 मीटर जलस्तर पर निचले इलाकों से लोगों को निकालना शुरू कर दिया जाता है। बैराज से छोड़ा गया पानी दिल्ली पहुंचने में सामान्यतः 48 से 50 घंटे लेता है।

अधिकारियों ने क्या बताया?

केंद्रीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी के अनुसार, जलस्तर में वृद्धि का मुख्य कारण हथिनीकुंड और वजीराबाद बैराज से प्रति घंटे क्रमशः 36,000 क्यूसेक और 44,320 क्यूसेक पानी का छोड़ा जाना है। पुराना रेलवे पुल यमुना नदी के प्रवाह और बाढ़ के संभावित जोखिम की निगरानी के लिए महत्वपूर्ण बिंदु है।

अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है और किसी भी आपातकाल से निपटने के लिए सभी तैयारियां पूरी हैं। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए संबंधित एजेंसियों को बाढ़ जैसे हालात से निपटने के लिए पहले से ही सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

दिल्ली में कैसा रहेगा रविवार का मौसम? 

आईएमडी के मुताबिक, रविवार को बादल छाए रहेंगे और दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान दिल्ली का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस हो सकता है। जलभराव की वजह से यातायात प्रभावित हो सकता है। इसलिए घर से निकलने से पहले पूरी सावधानी बरतें। 

गौरतलब है कि दिल्ली में बारिश की वजह से जलभराव का होना एक आम समस्या है। जिसकी वजह से कई बार गंभीर हादसे भी हो जाते हैं और लोगों को अपनी जान भी गंवानी पड़ती है। ऐसे में अलर्ट रहना सबसे ज्यादा जरूरी है। (इनपुट: भाषा)